Uncategorized

दुर्ग में मसीही समाज का प्रदर्शन:बजरंग दल को बंद करने की मांग; सरकार पर सरंक्षण देने का आरोप; पुलिस कार्यवाही की जांच की मांग

By Dinesh chourasiya

 दुर्ग जिले में अल्पसंख्यक मसीही समाज ने बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से हजारों की संख्या में मसीही समाज के लोग नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

समाज ने आरोप लगाया कि कट्टरपंथी संगठनों, विशेष रूप से विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल लगातार मसीहों पर हमले कर रहे हैं, और पुलिस प्रशासन दबाव में आकर फर्जी प्रकरण बना रहा है। समाज ने बजरंग दल को बंद करने की मांग की और सरकार पर इन्हें सरंक्षण देने का आरोप लगाया।

ननों पर कार्रवाई को झूठा बताया

मूलनिवासी संघ के अध्यक्ष अमरजीत पटेल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में फर्जी मामलों पर नाराजगी व्यक्त की गई। इसमें बताया गया कि हाल ही में दुर्ग रेलवे स्टेशन पर कैथोलिक ननों पर मानव तस्करी और धर्मांतरण का झूठा मामला दर्ज किया गया था।

जिन लड़कियों को आधार बनाकर यह अपराध दर्ज किया गया था, उन्होंने और उनके परिजनों ने स्पष्ट किया था कि वे रोजगार के लिए स्वेच्छा से यात्रा कर रही थीं। प्रदर्शनकारियों ने इसे पुलिस की एकतरफा और दबाव में की गई कार्रवाई बताया।

पास्टरों पर हमलों और गिरफ्तारी का भी आरोप

ज्ञापन में पास्टरों पर हमलों और गिरफ्तारी का भी आरोप लगाया गया। जिसमें बताया गया है कि 31 अगस्त को बोरसी, दुर्ग निवासी पास्टर आकाश बसरा को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और पुलिस ने घर से उठाया, उनके साथ मारपीट की और उन पर धर्मांतरण का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।

इसके अलावा 14 सितंबर को यूनाइटेड क्रिश्चियन काउंसिल (यूसीसी) के अध्यक्ष पास्टर जोनाथन और उनकी पत्नी पर भी जानलेवा हमला हुआ। हमलावरों ने उनकी गले की चेन छीन ली और बाद में उन पर ही झूठा धर्मांतरण का मामला दर्ज कर दिया गया।

मसीही समाज ने पुलिस प्रशासन पर घरेलू प्रार्थना सभाओं को रोकने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। समाज ने कहा कि उच्च न्यायालय पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि निजी निवास पर प्रार्थना सभा करना किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित नहीं किया जा सकता। प्रदर्शनकारियों ने इसे धार्मिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया।

सरकार का सरंक्षण मिला – भीम आर्मी

भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष देवेंद्र मसीह ने कहा कि पूरे प्रदेश में मसीह समाज के साथ हो रहे अत्याचार मारपीट हो रहा। तथा कथित बजरंग दल के लोगों ने हमारी माता बहनों की इज्जत पर हाथ डाल रहे है। इसमें सरकार का और बीजेपी का पूरा संरक्षण इन गुंडो को है इसे भीम आर्मी बर्दाश्त नहीं करेगी

देवेंद्र ने कहा कि बजरंग दल को बंद किया जाए और जो बीजेपी इनका संरक्षण दे रही है वह याद रखे यह तो एक झांकी है आगे मुख्यमंत्री निवास का आवास का घेराव करेंगे उसे दिन उनको एहसास हो जाएगा।

Related Articles

Back to top button