भिलाई में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला:शिवसेना और स्थानीय लोगों ने की आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग,कहा- बीच चौराहे पर दी जाए सजा
By Dinesh Chourasiya
खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 6 साल की बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी मकान मालिक दिलावर यादव की गिरफ्तारी के बाद अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। सोमवार को छत्तीसगढ़ शिवसेना और खुर्सीपार क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन में आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, मामले की गंभीरता से जांच करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई है।







मामले में खुर्सीपार पुलिस पहले ही अपराध दर्ज कर आरोपी दिलावर यादव को गिरफ्तार कर चुकी है। अब स्थानीय लोगों और शिवसेना ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच तेजी से पूरी कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी राजनैतिक दवाब के चलते उसे बचाने के लिए अलग-अलग तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। परिजनों पर दवाब बनाया जा रहा है, उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से निष्पक्ष और सही कार्रवाई की मांग की है।






राजनीतिक रसूख का फायदा उठाकर मामले को मोड़ने का प्रयास खुर्सीपार के स्थानीय लोगों ने एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल को सौंपे ज्ञापन में बताया है कि आरोपी दिलावर यादव के समर्थन में राजनीतिक सहयोगियों द्वारा घटना को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी के समर्थकों के द्वारा पीड़ित परिवार के खिलाफ झूठी कहानियां गढ़कर, उन्हें बदनाम कर फंसाने और राजीनामा के लिए दवाब बनाया जा रहा है। स्थानीय निवासी इमरान अली ने बताया कि हमने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। पीड़ित परिवार को बदनाम करने और फंसाने के मामले में अलग से अपराध दर्ज किया जाए। पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए और आरोपी के बीएसपी की जमीन को पर अवैध कब्जे को खाली करवाया जाए।


Sa h9⁹yyy6qशिवसेना ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की छत्तीसगढ़ शिवसेना की ओर से जिला सचिव पंकज नायर के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि 6 वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर आरोपी दिलावर यादव ने गलत हरकत की है। इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने, आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की मांग की गई है। शिवसेना ने कहा है कि आरोपी के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई होनी चाहिए। कुछ राजनेता और दल के लोग आरोपी के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं, ऐसे में अगर कार्रवाई प्रभावित होती है तो हम सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
स्थानीय लोगों ने आरोपी के पुराने मामलों की जांच की मांग की वहीं, खुर्सीपार के स्थानीय निवासियों की ओर से पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को दिए गए ज्ञापन में थाना खुर्सीपार के अपराध क्रमांक 0445/2026 के आरोपी दिलावर यादव के पूर्व आपराधिक कृत्यों की भी जांच कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि आरोपी द्वारा पीड़ित परिवार को कथित तौर पर धमकाने और दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोपी और उसके परिवार से जुड़ी शिकायतों की भी जांच कराने की मांग की है। साथ ही ज्ञापन में बताया गया है कि आरोपी ने बीएसपी की जमीन पर कब्जा किया है। वहीं खटाल के लिए गोकुल नगर में मिली जमीन का भी आवंटन निरस्त की मांग की गई है।
पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग स्थानीय लोगों ने ज्ञापन में पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कराने की बात कही है। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि यदि आरोपी के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड या शिकायत है तो उसकी जांच कर उसे वर्तमान मामले की जांच में शामिल किया जाए। ज्ञापन में आरोपी द्वारा कथित तौर पर बीएसपी की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे/डेयरी संचालन की भी जांच कराने तथा नगर निगम द्वारा आवंटित भूमि को लेकर की गई शिकायतों की जांच की मांग की गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
2 अक्टूबर की घटना, 3 अक्टूबर को गिरफ्तारी मामला 2 अक्टूबर का है। परिजनों के मुताबिक, बच्ची को दर्द और ब्लीडिंग होने के बाद अस्पताल ले जाया गया था। बाद में बच्ची ने परिजनों को बताया कि एक अंकल ने उसके साथ गलत तरीके से छुआ और उसे पकड़ लिया था। इसके बाद बच्ची के पिता ने खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और आरोपी दिलावर यादव को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। अब शिवसेना और स्थानीय लोगों के ज्ञापन के बाद मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग और तेज हो गई है।
ज्ञापन मिला है, सभी बिंदुओं की जांच करेंगे: एएसपी इस पूरे मामले में एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने कहा है कि नाबालिग बच्ची के साथ पॉक्सो के मामले में पुलिस द्वारा एक दिन पहले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उसी मामले में आज खुर्सीपार के स्थानीय लोग कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे थे। उन्हें पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से अवगत करवाया गया है। साथ ही उन्होंने ज्ञापन दिया है, जिसमें जमीन पर कब्जे से लेकर अन्य बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग की गई है, हम सभी बिंदुओं पर जांच कर आगे कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे।




