मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन:कॉकरोच पार्टी ने CEC का इस्तीफा मांगा, 2 अक्टूबर से आंदोलन का ऐलान
By Dinesh chourasiya
कांग्रेस शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन कर रही है। उत्तराखंड के देहरादून में कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पटना में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।







इधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन करेंगे। फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा- आंदोलन को हर शहर में ले जाएंगे। CJP ने गुरुवार को ज्ञानेश कुमार को 48 घंटे की डेडलाइन दी थी।
SIR को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। याचिका में SIR के फैसलों, दिशानिर्देशों और सॉफ्टवेयर बदलावों को असंवैधानिक घोषित करने और करीब 13 करोड़ वोटर्स के नाम हटाने की SIT जांच की मांग है।





बॉम्बे हाईकोर्ट में SIR के खिलाफ 2 याचिकाएं
उधर, महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में दो याचिकाएं दायर की गई हैं। इनमें SIR की संवैधानिक वैधता, प्रक्रिया और लागू करने के तरीके पर सवाल उठाए गए हैं।
याचिकाकर्ताओं का दावा है कि 2 चुनाव आयुक्तों की आपत्ति के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने SIR से जुड़े 14 आदेश जारी किए। इन आदेशों को रद्द करने और दर्ज आपत्तियों को सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की नारेबाजी
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक पोस्टर लेकर पहुंचे। इन पर लिखा था कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें।
यूपी में मुख्य चुनाव आयुक्त के 2 कार्यक्रम स्थगित
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में दो कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। इनमें CEC ज्ञानेश कुमार शामिल होने वाले थे। पहला कार्यक्रम मेरठ में 25 सितंबर को और दूसरा वाराणसी में 28 सितंबर को था। EC ने कहा कि दोनों कार्यक्रम 21 सितंबर को ही स्थगित किए गए थे और इसका मौजूदा विवाद से कोई संबंध नहीं है।
CEC को हटाने से जुड़ा पूरा मामला समझें…
दरअसल, द इंडियन एक्सप्रेस की 23 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, दो चुनाव आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में SIR को लेकर कम से कम 14 बार लिखित आपत्ति दर्ज की। इनमें 4 आपत्तियां एक ही दिन की थीं।
हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा था कि ऐसी आपत्तियां सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं और SIR समेत सभी अंतिम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
राहुल बोले- ज्ञानेश कुमार देशद्रोही
प्रियंका गांधी- 13 करोड़ मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। राहुल गांधी कई प्रेस कॉन्फ्रेंस में इससे जुड़े सबूत पेश कर चुके हैं। इस मुद्दे को सिर्फ राजनीतिक दावा बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
राहुल गांधी- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश ने वोट चोरी की है। वे देशद्रोही हैं। मैंने उनकी नियुक्ति का विरोध किया था, लेकिन सरकार ने मेरी बात नहीं मानी।
- कांग्रेस की महाभियोग लाने की तैयारी: कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष 6 महीने में दूसरी बार चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी में है। इससे पहले अप्रैल में महाभियोग प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन लोकसभा में खारिज हो गया था।
- महुआ ने FIR की मांग: TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ दिल्ली के संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महुआ का आरोप है कि ज्ञानेश ने मतदाता सूची में नियमों के खिलाफ बदलाव किए गए और पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए।
- चिराग पासवान- CEC को अपनी बात स्पष्ट और मजबूती से रखनी चाहिए, ताकि चुनावी प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा बना रहे। आयोग की जिम्मेदारी विपक्ष को जवाब देना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास बनाए रखना है।




