Uncategorized

भिलाई के सुपेला में एयरगन लेकर नशीली दवाओं की तस्करी 1200 अल्प्राजोलम गोलियों सहित 7 गिरफ्तार, नाबालिग भी शामिल; 2 एयरगन और 8 मोबाइल जब्त

By Dinesh chourasiya

भिलाई के सुपेला इलाके में नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। अटल आवास स्थित आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे 7 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

आरोपी एयरगन से लोगों में अपना खौफ बनाते थे और आम लोगों को डरा कर तस्करी का यह पूरा नेटवर्क चला रहे थे। तलाशी में आरोपियों के पास से 1200 अल्प्राजोलम की गोलियां, 2 एयरगन और 8 मोबाइल फोन मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी दूसरे राज्यों से नशीली दवाएं लाकर भिलाई के अलग-अलग इलाकों में बेचते थे।

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास कुछ युवक नशीली दवाओं की बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के बाद सुपेला पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद युवकों में हड़कंप मच गया।

टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में अल्प्राजोलम की गोलियां मिलीं। इसके साथ ही दो एयरगन और आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोगों में साहिल शेख, योगेश साहू, अमन साहू, मयंक यादव, जानी यादव, समीर ठाकुर और एक अपचारी बालक शामिल है। जांच में पुलिस को खरीदी और बिक्री, दोनों से जुड़े लोगों की भूमिका मिलने की बात सामने आई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली गोलियां किन लोगों से खरीदी जाती थीं और भिलाई में किन-किन जगहों पर इनकी सप्लाई की जाती थी।

दूसरे राज्यों से लाकर भिलाई में खपाने का आरोप

दुर्ग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को नशीली दवाओं की खरीदी-बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने कार्रवाई की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दूसरे राज्यों से नशीली दवाएं लाकर भिलाई के अलग-अलग इलाकों में खपाते थे। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल फोन भी जांच में अहम हो सकते हैं। इनसे खरीदारों, सप्लायरों और दवा की बिक्री से जुड़े संपर्कों की जानकारी मिलने की संभावना है। इसी वजह से आठ मोबाइल फोन को जब्त कर उनकी जांच की जा रही है।

नाबालिग की मौजूदगी ने बढ़ाई चिंता

इस पूरे मामले में एक नाबालिग के पकड़े जाने से पुलिस के सामने एक और चिंता खड़ी हुई है। नशीली दवाओं के कारोबार में कम उम्र के लोगों के शामिल होने से यह सवाल भी उठ रहा है कि इस तरह की दवाओं की पहुंच युवाओं तक किस तरह हो रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर सप्लाई की पूरी कड़ी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

अल्प्राजोलम सामान्य दवा नहीं

अल्प्राजोलम चिकित्सकीय इस्तेमाल में आने वाली दवा है, लेकिन इसके गलत इस्तेमाल को लेकर सरकारी एजेंसियां पहले भी चिंता जता चुकी हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की रिपोर्ट में अल्प्राजोलम का दुरुपयोग किए जाने वाली दवाओं में उल्लेख किया गया है। लंबे समय तक या गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर इससे निर्भरता की समस्या हो सकती है।

मेडिकल दुकानों पर भी होगी कार्रवाई

एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि नशीली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। शहर में संचालित मेडिकल दुकानों की जांच कर यह देखा जाएगा कि कहीं नियमों को दरकिनार कर ऐसी दवाओं की बिक्री तो नहीं हो रही है।

पुलिस का कहना है कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और सप्लाई करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। सुपेला पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों को न्यायालय के सामने पेश किया गया है।

 

Related Articles

Back to top button