Uncategorized

दुर्ग में जमीन दलाल गिरफ्तार:10.01 लाख लेकर जमीन दूसरे को बेच दी, सीमांकन-रजिस्ट्री का झांसा देकर टालता रहा

By Dinesh chourasiya

भूमि खरीद-बिक्री के सौदे में 10.01 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में मोहन नगर पुलिस ने एक जमीन दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शिकायतकर्ता से जमीन खरीदने के नाम पर रकम लेने और बाद में उसी जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को अधिक कीमत पर बेचकर लाभ कमाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की (38) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार शांति नगर निवासी विजय सिंह चौहान (53) ने 14 सितंबर 2026 को मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक वर्ष 2024 में उसकी पहचान अजय साहू से हुई थी। अजय ने खुद को जमीन खरीद-बिक्री का काम करने वाला बताया और उसकी मुलाकात लोकेश खुल्लर और अमित साहू से कराई।

पुलिस ने आरोपी जमीन दलाल को किया गिरफ्तार।
पुलिस ने आरोपी जमीन दलाल को किया गिरफ्तार।

आरोपियों ने विजय सिंह को उरला, दुर्ग स्थित करीब 10 हजार वर्गफीट की जमीन दिखाई। उन्हें बताया गया कि जमीन में निवेश करने पर कम समय में अच्छा मुनाफा हो सकता है। शिकायतकर्ता ने पूरी जमीन खरीदने में असमर्थता जताई तो लोकेश खुल्लर ने आधी जमीन खुद खरीदने और उसके साथ साझेदारी में सौदा करने की बात कही।

आरोपियों ने इकरारनामा भी करवाया इसके बाद जमीन मालिकों से मुलाकात कराकर जमीन का सौदा 1,250 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से तय कराया गया। 7 अक्टूबर 2024 को जमीन को लेकर इकरारनामा भी कराया गया। पुलिस के मुताबिक इकरारनामे के समय लोकेश ने रजिस्ट्री से पहले जमीन का सीमांकन कराने और मौके पर लगे बिजली के खंभे को हटवाने की जिम्मेदारी ली थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों के कहने पर 3 अक्टूबर 2024 को अमित साहू को 51 हजार रुपए दिए गए। इसके बाद 7 अक्टूबर को जमीन मालिकों के नाम 5 लाख और 4.50 लाख रुपए के चेक दिए गए। शिकायत में बताया गया है कि संबंधित खातों से इन चेकों की रकम प्राप्त भी कर ली गई।

नहीं करवाई गई रजिस्ट्री, दूसरो को बेची जमीन आरोपियों ने तय समय में जमीन का सीमांकन और रजिस्ट्री नहीं कराई। आरोपियों की ओर से लगातार काम जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया जाता रहा। इसी दौरान शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि जिस जमीन के लिए उसने रकम दी थी, उसे आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया और उसकी रजिस्ट्री भी करा दी।

इसके बाद विजय सिंह ने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने राशि वापस नहीं की। शिकायत के आधार पर मोहन नगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी लोकेश खुल्लर उर्फ लक्की की पहचान की और 15 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button