Uncategorized

दुर्ग के उतई में 24 घंटे बाद मिला कबड्डी खिलाड़ी शिवम का शव:रायपुर से प्रतियोगिता में शामिल होने आया था, नहर में बहा, 

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के सेलूद भाटापारा में तांदुला नहर के तेज बहाव में बहे 17 साल के कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव दूसरे दिन सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। शिवम रायपुर के गुढ़ियारी का रहने वाला था और सेलूद में आयोजित ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने आया था।

जानकारी के मुताबिक गुढ़ियारी से कुछ युवक ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने सेलूद पहुंचे थे। प्रतियोगिता के बाद वे सेलूद भाटापारा स्थित नहर के पास गए। इसी दौरान दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर पानी में बहने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को बचाने की कोशिश की।

ग्रामीणों की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन शिवम तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू कराई।

एसडीआरएफ ने अगले दिन बरामद किया शिवम का शव।

12 सितंबर को दिनभर चला सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ दुर्ग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। नहर में पानी का स्तर अधिक और बहाव तेज था। टीम ने 12 सितंबर को दिनभर नहर के संभावित हिस्सों में शिवम की तलाश की।

एसडीआरएफ जवानों ने पानी के भीतर और नहर के आसपास सघन खोजबीन की, लेकिन शिवम का पता नहीं चला। अंधेरा होने और नहर की स्थिति को देखते हुए रात में सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।

सुबह 5:30 बजे फिर शुरू की तलाश

13 सितंबर की सुबह एसडीआरएफ ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने सुबह 5:30 बजे से नहर में संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। लगातार सर्चिंग के दौरान टीम को सफलता मिली और शिवम का शव नहर से बरामद कर लिया गया। शव को पानी से बाहर निकालकर उतई पुलिस को सौंप दिया गया है।

कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव।

पुलिस करेगी पंचनामा और आगे की कार्रवाई

शिवम यादव रायपुर के गुढ़ियारी का रहने वाला था और कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने अपने साथियों के साथ सेलूद आया था। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई उतई थाना पुलिस कर रही है

Related Articles

Back to top button