Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़
Trending

गुरूर के नारागांव में सोलर विलेज की पहल तेज, लखपति दीदी अभियान को मिलेगी नई रफ्तार

जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने किया औचक निरीक्षण, 120 परिवारों का सूर्यघर योजना पोर्टल पर पंजीयन पूर्ण

 

 

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 11 अगस्त 2026। गुरूर विकासखंड के प्रस्तावित सोलर विलेज ग्राम नारागांव में सौर ऊर्जा परियोजना के क्रियान्वयन को गति दी जा रही है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी ने मंगलवार को नारागांव पहुंचकर सोलर विलेज के तहत चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री चंद्रवंशी ने कार्यस्थल पर मौजूद सोलर दीदियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली एवं तकनीकी दक्षता की जानकारी ली। उन्होंने सोलर दीदियों के उत्साह और कार्य के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सोलर विलेज की पहल गांवों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही लखपति दीदी अभियान को भी जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब केवल ऊर्जा की उपभोक्ता नहीं, बल्कि हरित ऊर्जा के उत्पादन और प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सौर ऊर्जा से ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ बिजली उपलब्ध होने के साथ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।

120 परिवारों का पंजीयन पूर्ण

ग्राम नारागांव में सोलर स्ट्रक्चर के लिए फाउंडेशन निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। आंचल महिला क्लस्टर लेवल फेडरेशन, जो सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की वेंडर है, द्वारा ग्रामीणों को ग्रीन एनर्जी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना के तहत अब तक 120 परिवारों का सूर्यघर योजना पोर्टल पर पंजीयन पूर्ण किया जा चुका है।

गांव में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप 2 किलोवाट मॉडल को अपनाया गया है। इसके माध्यम से ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को निर्धारित सब्सिडी के आधार पर सोलर सिस्टम का इंस्टॉलेशन कराया जाएगा, जिससे गरीब एवं निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम होगा।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत गुरूर के सीईओ श्री पी.एल. ध्रुव, सहायक परियोजना अधिकारी श्री नितेश साहू, सरपंच, उपसरपंच, जनप्रतिनिधि, सोलर दीदियां, जनपद स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button