CG में डॉयल 112 का आरक्षक की सूझबूझ से दो हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार ग्रामीणों की मदद से बलेनो कार सवार पकड़े गए, चाकू-पिस्टल बरामद
By Dinesh chourasiya

सूरजपुर में डायल 112 में तैनात एक आरक्षक की सतर्कता और ग्रामीणों की मदद से दो हथियारबंद संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों युवक बलेनो कार में घूम रहे थे। उनके पास से धारदार चाकू और पिस्टलनुमा हथियार बरामद हुआ है। यह घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मंहगई हरिजनपारा की है।







पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त की शाम डायल 112 में तैनात आरक्षक प्रदीप सोनवानी को जानकारी मिली थी कि एक बलेनो कार में दो युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं। उन्होंने तुरंत रामानुजनगर पुलिस को इसकी सूचना दी और ग्रामीणों की मदद से संदिग्ध कार को रोककर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
बलेनो कार में घूम रहे दो संदिग्ध गिरफ्तार




सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार में सवार कैफ अंसारी (24) और विकास रवि (19) को हिरासत में लिया। दोनों नावापारा खुर्द के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने तलाशी ली तो उनके पास से एक धारदार चाकू और पिस्टलनुमा हथियार मिला। पुलिस ने दोनों हथियारों के साथ घटना में इस्तेमाल की गई बलेनो कार को भी जब्त कर लिया है।
मामले में रामानुजनगर थाने में अपराध क्रमांक 237/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरक्षक प्रदीप सोनवानी की सतर्कता की तारीफ की है। उन्होंने आरक्षक को नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की है। अधिकारियों का कहना है कि आरक्षक की समय पर दी गई सूचना और ग्रामीणों की मदद से पुलिस को आरोपियों को पकड़ने में जल्दी सफलता मिली।






