CG में पुलिस ने गुंडे-बदमाशों पर बरसाए डंडे, उठक-बैठक भी कराया, चार्ज लेते ही डीएसपी आकाश चौधरी का एक्शन, कई जगहों पर दबिश बदमाशो में दहशत
By Dinesh chourasiya

बिलासपुर में सिरगिट्टी थाने का प्रभार संभालने के दूसरे ही दिन प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी ने थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर गुंडे-बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी। गुंडे और बदमाशों पर डंडे बरसाए गए। उनसे उठक-बैठक कराया गया। जिसका वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस को देखकर असामाजिक तत्वों और संदिग्धों में अफरा-तफरी मच गई। अभियान के दौरान सूचीबद्ध बदमाश समीर उर्फ बकरा मुंडी और राजू साहू उर्फ चिल्लर के ठिकानों पर दबिश देकर उनके घरों की तलाशी ली गई।







पुलिस ने दोनों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले तीन लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 151 के तहत कार्रवाई की।

चुचुहियापारा और गणेश नगर में फ्लैग मार्च
पुलिस ने चुचुहियापारा और गणेश नगर में फ्लैग मार्च निकालकर संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का सत्यापन किया। सभी को अवैध गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई। वहीं मारपीट के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।









