CG में पहले मासूम को कुचला, फिर पुलिसवालों को रौंदने की कोशिश, 2 जगह बैरिकेड्स तोड़कर भागा ट्रक ड्राइवर, हाईवे पर पीछा कर आरोपी को दबोचा
By Dinesh chourasiya







छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार (26 जून) सुबह हिट एंड रन का मामला सामने आया है। गुंडरदेही गांव के पास सड़क किनारे खेल रहे एक 10 साल के बच्चे को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने जब ट्रक को रोकने की कोशिश तो, ड्राइवर बैरिकेड्स तोड़कर महाराष्ट्र बॉर्डर की ओर भाग निकला। पहले मोहला में नाकेबंदी की गई थी। ट्रक ड्राइवर बैरिकेड्स तोड़ आगे निकल गया, इसके बाद उसे मानपुर में रोकने की कोशिश की गई। इस बार भी वह नहीं रुका।




इस दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। भागते हुए आखिरकार कोहका के पास ट्रक सड़क ने नीचे उतर गया, तब जाकर आरोपी ड्राइवर पुलिस की पकड़ में आया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


पहली नाकेबंदी तोड़ी, फिर दूसरी भी तोड़कर भागा
पुलिस के मुताबिक, फरार ड्राइवर सबसे पहले मोहला थाना क्षेत्र में लगाए गए बैरिकेड्स तक पहुंचा। यहां पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने ट्रक की रफ्तार कम नहीं की और सीधे बैरिकेड्स तोड़ते हुए आगे निकल गया।
इसके बाद मानपुर थाना के सामने भी पुलिस ने दोबारा नाकेबंदी की। यहां भी ड्राइवर ने पुलिस की चेतावनी और रुकने के संकेतों की अनदेखी करते हुए बैरिकेड्स तोड़ दिए। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से कुछ पुलिस अधिकारी और जवान बाल-बाल बच गए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों में भी दहशत फैल गई।

लगातार पीछा करती रही पुलिस
बैरिकेड्स तोड़ने के बावजूद पुलिस ने पीछा नहीं छोड़ा। कई थानों की टीम लगातार ट्रक के पीछे लगी रही। आखिरकार मानपुर और कोहका थाना क्षेत्र के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोरकोट्टी गांव के पास पुलिस ने ट्रक को चारों ओर से घेर लिया।
बच निकलने की कोशिश में चालक ने ट्रक मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया। इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। घटना के दौरान चालक को चोटें भी आईं, जिसके चलते उसे उपचार के लिए मानपुर अस्पताल भेजा गया।

नशे के एंगल पर भी जांच
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय ड्राइवर नशे की हालत में था या नहीं। उसके मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के आधार पर चालक के खिलाफ हिट एंड रन, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बच्चे की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुंडरदेही गांव में बच्चे का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। इसके बाद बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भेजा गया।
…………………..





