Uncategorized

CG में NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष, विधायक देवेंद्र यादव समेत कार्यकर्ताओं पर FIR कुर्ता फाड़ की राजनीति महंगी पड़ी विधायक देवेंद्र यादव को

By Dinesh chourasiya

बिलासपुर में नीट (NEET) पेपर लीक मामले में NSUI के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव एक नए विवाद में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक खुद अपने हाथों से कुर्ता फाड़ते हुए दिख रहे हैं।

वहीं, देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उनका कुर्ता फाड़ दिया, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

इधर, प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज की है। उनपर सार्वजनिक उपद्रव, बलवा, रास्ता रोकने और दंगा की धारा लगाई गई है।

पहले देखिए प्रदर्शन की ये तस्वीरें-

प्रदर्शकारियों को रोकने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल करना पड़ा था।

केंद्रीय मंत्री का निवास घेरने निकले थे प्रदर्शनकारी

दरअसल, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में 3 जून को आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले थे।

पुलिस ने सांसद आवास से पहले ही बैरिकेडिंग कर दी थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।

देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया था

हंगामे के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया था। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

इसके बाद जब प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। घटना में कई छात्र और कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया।

धक्का-मुक्की में पुलिसकर्मियों का भी चोट आई- CSP

पुलिस ने मौके से 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया था। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान कई जवान भी घायल हुए। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह के मुताबिक धक्का-मुक्की में पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई।

इसी घटना के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनका कुर्ता फाड़ दिया गया। हालांकि अब वायरल हो रहे वीडियो में देवेंद्र यादव खुद ही अपना कुर्ता फाड़ते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद विरोधी दल ने कांग्रेस और विधायक पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं, वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग इसको लेकर अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

विधायक समेत कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR

इधर, प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। उन पर सार्वजनिक उपद्रव करने, बलवा, रास्ता रोकने, गैरकानूनी सभा करने और दंगा की धारा लगाई गई है।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 190, 191(2), 292 और 293 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान अवैध रूप से रास्ता बाधित किया गया और कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई।

बिलासपुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) पंकज पटेल ने कहा, बताया जा रहा है कि मंत्री बंगले का घेराव करने में नाकाम रहने के बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ गए थे, जिससे यातायात और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हुई। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button