भिलाई के खुर्सीपार में गर्भवती नवविवाहिता ने की आत्महत्या:शादी के 16 माह बाद फंदे से लटकी मिली लाश, सुसाइड नोट बरामद, पुलिस जांच में जुटी
By Dinesh chourasiya
भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र के वार्ड-48 मिलावट पारा कैनाल रोड में गुरुवार रात एक 21 वर्षीय गर्भवती नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान विजय लक्ष्मी साहू उर्फ पायल के रूप में हुई है। वह तीन माह की गर्भवती थी और उसकी शादी को अभी 16 महीने ही हुए थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







परिजनों के अनुसार गुरुवार को घर का माहौल पूरी तरह सामान्य था। मृतका की मां शाम को उससे मिलने आई थीं और करीब साढ़े आठ बजे वापस लौट गईं। उस समय विजय लक्ष्मी रसोई का काम कर रही थी और परिवार के सदस्यों से सामान्य बातचीत भी कर रही थी।

फांसी के फंदे पर लटकी मिली लक्ष्मी




बताया गया कि रात करीब नौ बजे विजय लक्ष्मी ने अपने ससुर से कहा कि वह पांच मिनट में कमरे से बाहर आ जाएगी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। रात करीब 10 बजे जब परिवार ने उसे आवाज लगाई और कोई जवाब नहीं मिला तो कमरे का दरवाजा खोला गया। दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। अंदर पहुंचने पर विजय लक्ष्मी फांसी के फंदे पर लटकी मिली।
12वीं की तैयारी कर रही थी, परिवार भी हैरान
परिजनों ने बताया कि विजय लक्ष्मी तीन माह की गर्भवती थी और ओपन स्कूल से 12वीं की परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी। परिवार के अनुसार वह अपने भविष्य को लेकर योजनाएं बना रही थी और किसी तरह की परेशानी दिखाई नहीं दे रही थी। ऐसे में उसके इस कदम से सभी स्तब्ध हैं।
प्रेम विवाह के बाद हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक विजय लक्ष्मी और शुभम प्रधान ने प्रेम विवाह किया था। दोनों ने आर्य समाज में शादी की थी। शुरुआत में लड़की पक्ष की ओर से कुछ विरोध था और इस संबंध में थाने तक मामला पहुंचा था, लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच संबंध सामान्य हो गए थे। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद किसी प्रकार का बड़ा विवाद सामने नहीं आया था।
परिजनों का दावा है कि शादी के बाद किसी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया था और मृतका की मां भी समय-समय पर मिलने आती थीं।
धार्मिक आयोजनों में आती थी ‘माता’, चल रहा था इलाज
परिवार ने पुलिस को बताया है कि धार्मिक आयोजनों, विशेषकर नवरात्रि और महाशिवरात्रि के दौरान भजन-कीर्तन में विजय लक्ष्मी की विशेष धार्मिक अवस्था हो जाती थी। इस कारण उसका डॉक्टरी इलाज भी चल रहा था। हालांकि इस स्थिति का घटना से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। हालांकि उसमें क्या लिखा है, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हर एंगल से जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और परिजनों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस घरेलू परिस्थितियों, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गर्भवती नवविवाहिता की मौत के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




