Uncategorized

रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते घर पर फेंका बम:आधी रात हुए हमले से इलाके में दहशत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

By Dinesh Chourasiya

घटनास्थल से पुलिस ने पटाखा बारूद और कागज बरामद किया है। - Dainik Bhaskar

रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार के घर पर बम फेंका गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। आधी रात को हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार के शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक घटना में सोनू पटेल, आकाश पासवान, एक युवती समेत तीन अन्य लोग शामिल थे।

थाने में दर्ज कराई शिकायत

कबीर नगर निवासी पीड़िता रिंकु तिवारी ने कबीर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह हीरापुर स्थित वीर सावरकर नगर के एलआईजी-922 में परिवार के साथ रहती हैं।

24 मई 2026 की रात करीब 1 बजे सोनू पटेल, आकाश पासवान, एक युवती और उसके साथ तीन अन्य युवक उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर बम जैसे पटाखे फेंके, जिससे तेज धमाका हुआ और मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।

इसके बाद आरोपियों ने चाकू दिखाकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उस समय घर का गेट बंद होने के कारण आरोपी अंदर नहीं घुस सके।

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की शिनाख्त में जुटी हुई है।

CCTV खंगाल रही पुलिस

पीड़िता के मुताबिक आरोपी गाली-गलौज करते हुए लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। जब परिवार के लोगों ने पुलिस को बुलाने की बात कही, तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया। कबीर नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button