भिलाई तीन में युवक की संदिग्ध मौत:2 दिन पहले हुई थी मारपीट, परिजनों ने कहा- शिकायत पर ध्यान देती पुलिस तो बच जाती जान
By Dinesh chourasiya

भिलाई-3 क्षेत्र के पुरैना स्थित स्टोर पारा में गुरुवार सुबह एक युवक अपने घर में मृत मिला। सूचना मिलने पर गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए जमकर विरोध किया। लोगों का आरोप है कि युवक के साथ कुछ दिन पहले मारपीट हुई थी और उसने इसकी शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।








मृतक की पहचान 29 वर्षीय नसरू सोना के रूप में हुई है। वह स्टोर पारा का रहने वाला था। जीआरपी भिलाई-3 थाना प्रभारी डीएन श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। गुरुवार सुबह जब पिता की नींद खुली तो उन्होंने नसरू को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

19 मई को हुई थी मारपीट मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और उन्होंने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि 19 मई को नसरू के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी। मारपीट के बाद नसरू खुद शिकायत लेकर जीआरपी थाना पहुंचा था और आरोपियों के नाम भी बताए थे। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो युवक की जान बच सकती थी। इसी बात को लेकर लोगों में गुस्सा देखने को मिला। कुछ देर तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।





संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मारपीट में शामिल कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जीआरपी का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




