भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के जनभेंट कार्यक्रम में शिकायतों का अंबार:बिजली-कटौती और पानी की समस्या से लोग परेशान, देवेंद्र यादव ने अफसरों को फोन पर लगाई फटकार
By Dinesh chourasiya

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने सेक्टर-5 स्थित अपने कार्यालय में जनभेंट-मुलाकात कार्यक्रम रखा। यहां शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विधायक ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।







सबसे ज्यादा शिकायत पानी की समस्या को लेकर सामने आई। खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र से पहुंचे करीब 50 से ज्यादा महिला और पुरुषों ने बताया कि, उनके इलाके में कई दिनों से पानी की भारी परेशानी बनी हुई है।
लोगों ने कहा कि क्षेत्र में नई पानी टंकी का निर्माण काम चल रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही की वजह से काम समय पर पूरा नहीं हो पाया। टंकी शुरू नहीं होने से लोगों को रोज पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इसके अलावा बिजली कटौती से परेशान लोगों ने भी विधायक से शिकात की।




अधिकारियों को फोन पर लगाई फटकार
विधायक देवेंद्र यादव ने लोगों की समस्याएं सुनी। इसके बाद उन्होंने निगम जोन-4 के अधिकारियों को फोन लगाकर फटकार लगाई। विधायक ने साफ कहा कि, गर्मी के समय लोगों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन इलाकों में पानी की समस्या ज्यादा है वहां नियमित रूप से टैंकर भेजे जाएं।
साथ ही जरूरत वाले क्षेत्रों में पाइप लाइन बढ़ाने का काम भी जल्द शुरू किया जाए। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि पानी जैसी जरूरी सुविधा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता को परेशान करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई भी हो सकती है।
वैशाली नगर में बिजली कटौती से लोग परेशान
इसी दौरान वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के कोहका और कुरूद इलाके से पहुंचे लोगों ने बिजली कटौती की शिकायत की। लोगों ने बताया कि बिना किसी सूचना के बिजली बंद कर दी जाती है। इससे छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं।
कई बार शिकायत करने के बाद भी बिजली विभाग स्थिति सुधारने में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। इस मामले में विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों को तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, अनावश्यक बिजली कटौती बंद होनी चाहिए और लोगों को समय पर बिजली मिलनी चाहिए।
जनभेंट में कई मुद्दे लेकर पहुंचे लोग
विधायक देवेंद्र के जनभेंट कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग राशन कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन, सहायता राशि, स्कूल में बच्चों के एडमिशन और महतारी वंदन योजना से जुड़ी समस्याएं लेकर भी पहुंचे। विधायक ने सभी मामलों में संबंधित विभागों से बात कर जल्द समाधान का भरोसा दिया।




