CG में कार बाइक की टक्कर में 3 दोस्तों की मौत कार और बाइक के परखच्चे उड़ गए।
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के बालोद में तेज रफ्तार कार (CG 04 QB 5621) और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 3 दोस्तों की मौत हो गई है। हादसे में एक का पैर कटकर अलग हो गया, दूसरे का हाथ कटा और तीसरे का पैर टूट गया है। बाइक सवार तीनों युवक के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। कार और बाइक के भी परखच्चे उड़ गए।







मृतकों की पहचान सिर्राभाठा निवासी तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्या (21) निवासी मुड़खुसरा के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरीडीह गांव की है।



जानिए क्या है पूरा मामला
शुक्रवार रात करीब 10 बजे सिर्राभाठा निवासी तरुण यादव अपने दोस्त राहुल और नरेंद्र भुआर्य के साथ बाइक से डौंडीलोहारा जा रहे थे। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी।




प्रत्क्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में तरुण का हाथ शरीर से अलग हो गया, वहीं पीछे बैठे राहुल का पैर कटकर 50 मीटर दूर पैरावट में जा छिटका। नरेंद्र के शरीर पर भी गहरे जख्म थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां राहुल ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया, जबकि दो की मौके पर ही मौत हो गई थी। राहुल का कटा हुआ पैर आज (शनिवार) सुबह 8 बजे ग्रामीणों को मिला। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा जाएगा- टीआई
डौंडीलोहारा टीआई सुनील तिर्की ने बताया कि, तेज रफ्तार और लापरवाही से यह हादसा हुआ है। युवक डौंडीलोहारा आ रहे थे। कार सवार दल्लीराजहरा से वापस राजनांदगांव लौट रहे थे।
अभी कानूनी प्रक्रिया जारी है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा। नशे में थे या नहीं, यह पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।




