Uncategorized

बालोद में महिला ने युवक संग लगाई फांसी:बैंक जाने की बात कहकर निकली थी, दूर पेड़ पर मिली लाश जांच में जुटी पुलिस

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महिला और युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार को दोनों के शव पेड़ पर एक ही फंदे से लटके हुए मिले। शादीशुदा महिला घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली थी। मामला बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक महिला का नाम संतोषी बाई यादव (40) है, जबकि युवक का नाम थलेश खरांशु (25)। दोनों अर्जुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम गब्दी के रहने वाले थे और पड़ोसी थे। दोनों की लाश गांव से करीब 45 किलोमीटर दूर ग्राम परसोदा में मिली है।

हालांकि, अभी तक सुसाइड की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।

दोनों करते थे मजदूरी

थलेश खरांशु मजदूरी करता था। वहीं पड़ोस में रहने वाली संतोषी बाई यादव भी मजदूरी करती थी। संतोषी शादीशुदा थी और उसके बेटा-बेटी भी हैं, जबकि थलेश की शादी नहीं हुई थी। संतोषी का पति भी मजदूरी करता है। थलेश का अक्सर संतोषी के घर आना-जाना लगा रहता था।

बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी

इस बीच दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे। संतोषी शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पेड़ में लटकी मिली लाश

ऐसे में परिजन देर रात अर्जुंदा थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत तलाश शुरू की। वहीं रविवार सुबह करीब 8 बजे ग्राम परसोदा में पाकुरभाट मार्ग से अंदर एक खेत में महिला और युवक के शव पेड़ से लटके हुए मिले।

दोनों का शव गमछे से पेड़ पर लटकता मिला।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस

राहगीरों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के थानों से जानकारी लेने पर अर्जुंदा थाना क्षेत्र से 2 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई। अर्जुंदा पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंचे।

मोबाइल में मौजूद फोटो के आधार पर हुई पहचान

उन्होंने मोबाइल में मौजूद फोटो के आधार पर दोनों की पहचान की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को जिला अस्पताल बालोद की मर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

पुलिस बोली- बस के जरिए झलमला पहुंचे

बालोद कोतवाली टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों शनिवार को घर से निकलकर बस के जरिए झलमला पहुंचे। वहां से वे पैदल परसोदा के खेत तक गए, जहां एक ही पेड़ पर फांसी लगा ली।

मौके से दोनों के चप्पल भी बरामद किए गए हैं। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button