भिलाई में कॉन्स्टेबल की पत्नी और बच्चे को महिला ने चाकू से उतारा मौत के घाट 2 बेटियां घायल
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के दुर्ग में महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि 2 बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गई। एक बेटी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। आरोपी ने महिला पर 18 और सो रहे बच्चे पर चाकू से 14 वार किए।







मामला सुपेला थाना क्षेत्र के STF कॉलोनी का है। जानकारी के मुताबिक, मृतिका का नाम रीना यादव है। उनके पति ललितेश यादव STF में आरक्षक हैं और वर्तमान में बीजापुर में पदस्थ हैं। वे 15 दिन की छुट्टी पर दुर्ग आए हुए थे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे वे रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गए थे।




पड़ोसियों के अनुसार चर्चा है कि आरक्षक और आरोपी महिला ने शादी कर ली थी। फेसबुक के माध्यम से दोनों के बीच में संपर्क हुआ था। आरक्षक ने ही महिला को दुर्ग में घर लेकर रखवाया था। सुबह 6:30 बजे महिला सामान लेकर आरक्षक के घर पहुंची थी। इसके बाद सुबह 8:00 बजे तक यह पूरी वारदात हुई है।
एक पहले भी घर पहुंची थी आरोपी महिला
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) एक दिन पहले भी घर पहुंची थी। उस समय आरक्षक ललितेश यादव ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था। आरोपी महिला जांजगीर की रहने वाली बताई जा रही है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी।

बेटियों ने किसी तरह बचाई अपनी जान
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान मां ने आरोपी महिला का पैर पकड़ और बेटियों को भगाने के लिए कहा। एक बेटी तानिया (11) किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिप गई। सूचना मिलने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सूचना दी।

आरोपी महिला हिरासत में, पूछताछ जारी
सीएसपी भिलाई, सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि इलाज के दौरान रीना यादव और बेटे आदित्य यादव की मौत हो गई। आसपास के लोगों की शिकायत पर हत्या और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। कल दोपहर को भी आरोपी महिला कॉन्स्टेबल के घर आई थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
…………………





