CG में शहीद-आरक्षक की पत्नी को मिले 1 करोड़:अवैध रेत तस्करी रोकते समय गंवाई थी जान,
By Dinesh chourasiya

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पदस्थ दिवंगत आरक्षक शिवबचन सिंह की पत्नी वर्षा रानी सिंह को छत्तीसगढ़ शासन की ‘पुलिस सैलरी पैकेज’ योजना के तहत 1 करोड़ रुपए का जीवन बीमा लाभ प्रदान किया गया। यह सहायता राशि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के अधिकारियों और पुलिस अधीक्षक बलरामपुर की मौजूदगी में उनके परिजनों को सौंपी गई।







आरक्षक क्रमांक 809 शिवबचन सिंह थाना सनावल में कार्यरत थे। 12 मई 2025 की रात करीब 1:30 बजे अवैध रेत तस्करी रोकने के दौरान झारखंड से आए तस्करों ने उन्हें ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत शासकीय अस्पताल रामानुजगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सैलरी पैकेज योजना का लाभ




छत्तीसगढ़ शासन ने पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए ‘पुलिस सैलरी पैकेज’ योजना शुरू की है। इस योजना के तहत एसबीआई के साथ समझौता किया गया है। जिन पुलिसकर्मियों का वेतन खाता एसबीआई में होता है, उन्हें दुर्घटना में मृत्यु होने पर 1 करोड़ रुपए और सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपए का जीवन बीमा कवर मिलता है।
अधिकारियों की मौजूदगी में चेक सौंपा गया
इस मौके पर एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित अन्य बैंक अधिकारियों ने चेक सौंपा। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बैंक अधिकारियों का आभार जताया और कहा कि यह योजना पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार है।
कर्मचारियों से योजना में जुड़ने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने वेतन खातों को इस निःशुल्क योजना के तहत पंजीकृत कराएं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।




