Uncategorized

छत्तीसगढ़ में एक ही फंदे पर लटकती मिली दोस्तों की लाश:घर से घूमने की बात कहकर निकले थे

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 2 दोस्तों की लाश एक ही फंदे पर लटकती मिली है। ग्राम बेलाकछार के जंगल में गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने देखा तो थाने में सूचना दी। मृतकों की पहचान प्रमोद कंवर (27) और अमित माथुर (28) के रुप में हुई है।

मामला बालको थाना क्षेत्र का है। दोनों शादीशुदा थे, इसी गांव में रहते थे और बालको पावर प्लांट में ठेका कर्मी के रूप में काम करते थे। एक दिन पहले घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे, अगले दिन सुबह पेड़ पर शव मिला। पुलिस सुसाइड और मर्डर दोनों एंगल से जांच कर रही है।

मामला सुसाइड है या फिर हत्या, इसकी जांच जारी है।

कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहे थे

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से प्रमोद और अमित काम पर नहीं जा रहे थे। प्रमोद बुधवार (1 अप्रैल) दोपहर करीब 1 बजे अमित के घर पहुंचा। इसके बाद दोनों घूमने जाने की बात कहकर निकले, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटे।

परिजनों ने की खोजबीन, लेकिन नहीं मिला सुराग

ऐसे में अमित के परिजनों कॉल कर संपर्क करने की कोशिश, लेकिन कॉल नहीं लगा। पहले उन्हें लगा कि अमित आसपास दोस्तों के साथ होगा। काफी समय बीत जाने और घर न पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और अन्य जगहों पर उनकी खोजबीन की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

जंगल की ओर जा रहे ग्रामीणों ने देखी लाश

गुरुवार (2 अप्रैल) सुबह कुछ ग्रामीण जंगल की ओर जा रहे थे, तब उनकी नजर पेड़ पर लटके हुए युवकों पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने फौरन मामले की जानकरी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और युवकों के परिजन मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भिजवाया

पुलिस की टीम ने युवकों की पहचान होने के बाद शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।

इस मामले में बालको थाना पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button