
कवर्धा में मंत्री मोहम्मद अकबर की रैली में उमड़ी भीड़:हजारों लोगों का हुजूम लेकर दिखाई ताकत, बोले- अबकी बार 75 पार
By Dinesh chourasiya

मंत्री मोहम्मद अकबर प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र कवर्धा पहुंचे। अकबर ने अपने क्षेत्र में एक बड़ी रैली निकाली। इस रैली में हजारों लोगों का हुजूम नजर आया। रैली और सभा में उमड़ी भीड़ सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सभा में मोहम्मद अकबर ने कहा कि यहां की जनता से मेरा परिवार की तरह नाता है। कांग्रेस ने इस क्षेत्र में विकास का काम लगातार किया। यह पूरा क्षेत्र कृषि प्रधान है। सिंचाई के विस्तार के लिए हर संभव कार्य कांग्रेस की सरकार ने किया है।







यहां जितने भी बांध बने हैं, सभी बांध को कांग्रेस सरकार ने बनवाया है। कांग्रेस की सरकार ने यहां के लिए मेडिकल कॉलेज, सकरी नदी पर पुल, जंगल सफारी, एथेनॉल प्लांट जैसी सौगात दी है।
कई जलाशय का हुआ निर्माण- अकबर
मोहम्मद अकबर ने कहा कि सरोदा, छीरपानी जलाशय कांग्रेस की सरकार में बने। छत्तीसगढ़ की पहली सरकार में मंत्री रहते हुए सुतियापाट जलाशय का निर्माण कराया था। इसी तरह का बांध आज बनाया जाएगा तो 600 करोड़ रूपए की लागत आएगी। भूपेश बघेल सरकार में मंत्री रहते हुए घटोला जलाशय, जगमड़वा जलाशय और बरोदाखुर्द जलाशय की स्वीकृति करवाई।




पहला शक्कर कारखाना भी खोला – अकबर
अकबर ने कहा कि कबीरधाम जिले में गन्ना उत्पादक किसानों के हित में पहला शक्कर कारखाना भी उन्होंने कांग्रेस सरकार में मंत्री रहते बनवाया। गौठान में गोबर और गोमूत्र की खरीदी की जा रही है। महिला समूह वर्मी कम्पोंस्ट बनाकर उसकी बिक्री कर पैसा कमा रहें है।
रीपा के जरिए ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिला है। जगह-जगह सी मार्ट बनाएं गए है , कांग्रेस की सरकार ने किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी का निर्णय लिया है।

15 अक्टूबर को आई कांग्रेस की पहली सूची
बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी पहली सूची 15 अक्टूबर को जारी की थी, जिसमें मोहम्मद अकबर कांग्रेस की ओर से यहां के प्रत्याशी बनाए गए हैं। अकबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा मतों से जीतने वाले विधायक बने थे। जीत इस बार भी बरक़रार रहे इसकी कोशिश करते अकबर नज़र आ रहे हैं।







