दुर्ग के बोरी में हिट एंड रन का मामला:तेज रफ्तार कार ने 4 बाइकों को मारी टक्कर, एक युवक की इलाज के दौरान मौत, दो की हालत गंभीर
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक तेज रफ्तार कार ने एक साथ चार बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में कई युवक घायल हुए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।







घटना बोरी थाना क्षेत्र के लिटिया-सेमरिया चौकी इलाके में सेवती गांव के पास हर्री स्थित एक राइस मिल के सामने हुई। बताया जा रहा है कि सभी युवक अपने काम से लौट रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार में आ रही एक सफेद स्विफ्ट कार ने सामने से आकर बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे में जगमोहन यादव उर्फ जग्गू समेत कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, घटना के समय सरकारी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिसके कारण घायलों को प्राइवेट एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सभी घायलों का इलाज शुरू किया, लेकिन जगमोहन यादव की हालत काफी गंभीर थी। इलाज के दौरान बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि जगमोहन की उम्र सिर्फ 16 साल थी।






दो युवकों की हालत नाजुक इस हादसे में बाइक सवार ज्यादातर युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में प्रहलाद यादव (19), संस्कार भारती (15), माही यादव (14), मोहित भारती (17), करण यादव (16), चेतन यादव (17), हिमांशु मरैया (16) शामिल हैं। इनमें से भी दो युवकों की हालत नाजुक बनी हुई हैं। जिनका इलाज जारी है।
तेज रफ्तार में थी कार, अभी तक गिरफ्तारी नहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बहुत तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई बाइक दूर तक घिसट गईं और युवक सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कार का नंबर CG04KS1712 बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। एएसपी मणिशंकर चंद्रा का कहना है कि मामले अभी वाहन चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसे भी चोट आई है। पुलिस विवेचना कर रही है।




