
रायपुर में हथियार लहराते युवकों ने मनाया बर्थडे, अर्धनग्न अवस्था में गैंगस्टर गानों पर डांस, चाकू और शराब की बोतलें लहराते दिखे युवकों की पहचान जुटी पुलिस
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कुछ युवकों ने खतरनाक तरीके से बर्थडे मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक गैंगस्टर गानों की धुन पर झूमते हुए हाथों में चाकू और शराब की बोतलें लहराते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो किसी कमरे या हॉल में आयोजित बर्थडे पार्टी का है। केक काटने के बाद माहौल अचानक बदल जाता है और युवक कथित रूप से हथियार निकालकर उनका प्रदर्शन करने लगते हैं।







कुछ युवक बिना शर्ट के नाचते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दो युवक आपत्तिजनक हालत में नजर आ रहे हैं। एक-दूसरे को कंधे पर उठाकर और हवा में चाकू लहराते हुए वे वीडियो बनाते दिख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर ‘दबंग’ इमेज बनाने की कोशिश
इस तरह के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर दबदबा दिखाने के उद्देश्य से बनाए जाते हैं। गैंगस्टर गानों और हथियारों के साथ वीडियो बनाना युवाओं के बीच एक खतरनाक ट्रेंड के रूप में उभर रहा है।




जांच में जुटी पुलिस, पहचान की प्रक्रिया शुरू
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने फुटेज खंगाआलना शुरू कर दिया है। इसमें शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार असली हैं या नकली, इसकी भी जांच की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन करने और सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




