
CG में SDM की पिटाई से बुजुर्ग की मौत मामले में , आज कुसमी बंद:बस स्टैंड पर धरना प्रदर्शन, ग्रामीण बोले- एसडीएम के संरक्षण में हो रहा था अवैध-खनन
By Dinesh chourasiya
बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में कुसमी SDM और नायब तहसीलदार पर तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट का आरोप लगा है। इस घटना में घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान कुसमी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। आज शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घटना के विरोध में आज सर्व आदिवासी समाज और कांग्रेस ने नगर बंद कराया है। दोपहर 1 बजे तक दुकानें बंद रहीं। इसके बाद छिटपुट दुकानें खुलने लगी हैं। बस स्टैंड के पास धरना जारी है। प्रदर्शनकारियों ने 1 करोड़ रुपये मुआवजा और एक परिजन को नौकरी की मांग की है। शव का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को 4 घंटे तक चक्काजाम किया था।







पुलिस जांच में प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर 4 आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। SDM करूण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह (पूर्व BJYM अध्यक्ष कुसमी), मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव को गिरफ्तार कर देर रात जेल भेजा गया।
मामले में नायब तहसीलदार के खिलाफ FIR नहीं हुई है। बताया गया है कि नायब तहसीलदार पारस शर्मा विवाद बढ़ने की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। वे मारपीट में शामिल नहीं थे।
कांग्रेस ने इस मामले पर कहा कि ये जंगलराज है, सरकार है या खनन माफिया का साम्राज्य? जिन अधिकारियों का काम अवैध उत्खनन रोकना था, वे ही तस्करों को संरक्षण देने के लिए आम जनता की हत्या कर रहे हैं।




भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि बलरामपुर में बॉक्साइट खनन के नाम पर खेत की सिंचाई कर लौट रहे ग्रामीणों को प्रशासनिक अधिकारियों ने पीटा। प्रशासन हिंसा और दबाव के जरिए प्रदेश को नियंत्रित कर रहा है। गरीब और आदिवासियों पर लगातार हमले हो रहे हैं।
बता दें कि हंसपुर में देर रात बक्साइट के अवैध उत्खनन करने वालों की गाड़ी ग्रामीणों ने पकड़ी थी। सूचना पर एसडीएम स्थानीय युवकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। घायलों ने बताया कि वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और पीटा गया। विरोध में कुसमी में आदिवासी समाज और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।
मामले में बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने कहा कि आरोपियों को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भी बयान सामने आया है, उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। जो भी दोषी होगा, सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, कुसमी एसडीएम करूण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ रविवार देर शाम हंसपुर पहुंचे थे। हंसपुर में तस्करों द्वारा बाक्साइट का अवैध उत्खनन किया जा रहा था, जिनकी बाक्साइट लोड ट्रक ग्रामीणों ने पकड़ी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीएम इस अवैध तस्करी में शामिल थे।
रात में 2 बजे हंसपुर के 3 ग्रामीण सरना के पास टीम को मिले। आरोप है कि एसडीएमऔर उनके साथ मौजूद युवकों ने तीनों ग्रामीणों को लाठी और लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद तीनों को गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया गया। रास्ते में एक ग्रामीण की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।
अस्पताल में एक की मौत, दो घायल
रास्ते में एक ग्रामीण के बेहोश होने के बाद टीम तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लेकर पहुंची। इलाज के दौरान राम नरेश राम (60) की मौत हो गई। घायलों में अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) शामिल हैं।

घायल बोले- खेत से लौटते समय रोका गया
घायल आकाश अगरिया और अजीत उरांव ने बताया कि वे गेहूं के खेत में पानी डालने गए थे। रात में वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एसडीएम की गाड़ी और एक अन्य वाहन में सवार 6 से 7 लोगों ने सरना के पास उन्हें रोका और पूछताछ की।
इसके बाद लाठी और लात से उनकी पिटाई कर दी गई। घायलों के मुताबिक, उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया जा रहा था। रास्ते में राम नरेश राम बेहोश हो गया, जिसके बाद तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
अवैध बक्साइट उत्खनन से जुड़ा मामला
ग्राम हंसपुर में अच्छी क्वालिटी का बाक्साइट है। यहां की खदान हिंडाल्को को आबंटित हुई है, लेकिन हिंडाल्को ने खनन शुरू नहीं कराया है। यहां से अवैध तरीके से बाक्साइट निकालकर झारखंड भेजा जा रहा था। आरोप है कि इसमें एसडीएम करूण डहरिया की संलिप्तता थी।
ग्रामीणों ने एक बक्साइट लोड ट्रक पकड़ लिया था, जिसके बाद ब्लैकमेलिंग की बात सामने आई। इसी सूचना पर एसडीएम और नायब तहसीलदार, सुरक्षाकर्मियों के बिना ही स्थानीय युवकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। घटना के बाद बलरामपुर एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी भी जांच के लिए कुसमी गए थे।
जांच के बाद एसडीएम व तीन अन्य के खिलाफ कोरंधा थाने में एसडीएम करूण डहरिया, विक्की उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव व सुदीप यादव के खिलाफ धारा 103 (1), 115 (2) व 3 (5) के तहत अपराध दर्ज किया है। देर रात करीब 11 बजे चारों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से चारों को जेल भेजने का आदेश दिया गया। रात करीब 2 बजे चारों को रामानुजगंज जिला जेल दाखिल कराया गया।
आज कुसमी नगर बंद, शव का होगा अंतिम संस्कार मृत ग्रामीण के शव का शंकरगढ़ बीएमओ सहित कुसमी के दो डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमॉर्टम किया। शव को परिजन नहीं ले गए हैं। आज शव का अंतिम संस्कार किया जा सकता है।
इधर ग्रामीण के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा, एक को सरकारी नौकरी दिए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर कुसमी नगर बंद का आह्वान किया गया है। बंद को कांग्रेस ने समर्थन दिया है। कुसमी में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।
………………………..




