
इंदौर- दूषित पानी से मरने वालों की संख्या 20:प्रशासन ने 6 की पुष्टि की,18 को मुआवजा दिया; सीएम मोहन यादव बोले-हम आंकड़ों में नहीं पड़ रहे
By Dinesh chourasiya
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों की संख्या 18 से बढ़कर 20 हो गई है। सरकार ने हाईकोर्ट में पेश की रिपोर्ट में सिर्फ चार मौतें भर होना माना है, जबकि 18 मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख की सहायता दी जा चुकी है।
प्रशासन ने परिजन को मुआवजा देने के लिए बनाई गई सूची में बुधवार को दो नए नाम जोड़े हैं। इनमें रामकली जगदीश और श्रवण नत्यु खुपराव शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि दूषित पानी से भले ही 6 लोगों की मौत हुई है, लेकिन जहां भी मौत की सूचना मिल रही है, वहां क्रॉस चेक कर आर्थिक सहायता दी जा रही है।







इधर, जिस जगह ड्रेनेज लाइन का काम हुआ था। वहां बुधवार को नर्मदा लाइन चालू होते ही पानी लीक होकर कॉलोनी में भरने लगा। दुकानों में पानी घुस गया। पानी लीक होने के चलते नर्मदा लाइन को दोबारा बंद कर दिया गया है।
सीएम बोले- हम आंकड़ों में नहीं पड़ रहे हैं इंदौर में मौत के आंकड़ों और जिन्हें मुआवजे दिया गया है उनकी संख्या में अंतर को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारे लिए एक भी व्यक्ति की जान जाना कष्टदायक है। इसलिए हम इसके आंकड़े में नहीं पड़ रहे हैं। ये अलग बात है कि प्रशासन की नजर में उनका अपना तरीका होता है। सरकार उन आंकड़ों की बजाय सबके साथ है।




