Uncategorized

DGP-IG कॉन्फ्रेंस…NSA, RAW-IB चीफ की अफसरों के साथ बैठक: अमित शाह भी मौजूद, पीएम मोदी रात में आएंगे; सम्मेलन में पहली बार SP रैंक के अफसर

By Dinesh chourasiya

नवा रायपुर स्थित IIM कैंपस में DGP-IG कॉन्फ्रेंस चल रही है। कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, रॉ चीफ पराग जैन और आईबी चीफ तपन डेका भी शामिल हैं। इससे पहले तीनों ने अफसरों की बैठक ली।

पहले दिन की बैठक दोपहर 2 बजे शुरू हुई और रात 8 बजे तक लगातार चलेगी। इसमें देश की आंतरिक सुरक्षा, खुफिया तंत्र और भविष्य की रणनीतियों पर उच्चस्तरीय चर्चा की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात रायपुर पहुंचेंगे और कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री को नए स्पीकर हाउस M-1 में ठहराया जाएगा, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह वित्त मंत्री आवास M-11 में ठहरे हैं।

देशभर से लगभग 600 अधिकारी और VIP इस कार्यक्रम में मौजूद हैं। इस बार सम्मेलन में पहली बार SP रैंक के अधिकारी भी शामिल हुए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत माना एयरपोर्ट का अराइवल गेट तीन दिनों के लिए आम यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। यात्री गेट-2 का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा, सम्मेलन के दौरान नया रायपुर में भारी वाहनों की एंट्री पर भी प्रतिबंध है।

नवा रायपुर क्षेत्र में भारी वाहनों की एंट्री बैन

डीजी-आईजी सम्मेलन के दौरान वीवीआईपी को आने-जाने में किसी तरह की रुकावट न हो, इसलिए नवा रायपुर क्षेत्र में मध्यम और भारी वाहनों की एंट्री बैन की गई है। यह रोक माना एयरपोर्ट से स्पीकर हाउस और IIM तक जाने वाले सभी रास्तों पर लागू होगी।

कॉन्फ्रेंस में सभी राज्य प्रजेंटेशन देंगे

कॉन्फ्रेंस में सभी राज्य अपराध नियंत्रण संबंधी प्रयासों पर प्रेजेंटेशन देंगे। एक मॉडल स्टेट चुनकर कॉमन गाइडलाइन जारी हो सकेगी। पिछले साल 2024 में DGP-IG कॉन्फ्रेंस ओडिशा के भुवनेश्वर में हुआ था। इसमें पीएम मोदी ने हिस्सा लिया था।

छत्तीसगढ़ पहली बार इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी कर रहा है, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

ऐसे होगी ठहरने की व्यवस्था

प्रधानमंत्री एम-1 और केंद्रीय गृहमंत्री एम-11 में ठहरेंगे। नए सर्किट हाउस में एनएसए अजीत डोभाल, डिप्टी एनएसए अनीश दयाल सिंह, आईबी चीफ तपन डेका, केंद्रीय गृह सचिव और दोनों केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

सर्किट हाउस में 6 सूइट और 22 कमरे बुक किए गए हैं। ठाकुर प्यारेलाल संस्थान में 140 कमरे और निमोरा अकादमी में 91 कमरे बुक हैं। इस कार्यक्रम में 33 राज्यों से आने वाले डीजीपी, पैरामिलिट्री फोर्स के 20 डीजी/एडीजी समेत 75 पुलिस अधिकारी ठहरेंगे।

ADG और IG को सुरक्षा की कमान

DGP-IG कॉन्फ्रेंस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य जिम्मेदारियां एडीजी दीपांशु काबरा और आईजी अमरेश मिश्रा को सौंपी गई हैं। राज्य पुलिस के साथ ही केंद्रीय फोर्स, इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय (कॉर्डिनेशन) की जिम्मेदारी भी इन्हीं के पास होगी।

IG छाबड़ा, ओपी, ध्रुव को यह जिम्मा

सभी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आईजी छाबड़ा को भोजन व्यवस्था, ओपी पाल को आवास, ध्रुव गुप्ता को कंट्रोल रूम और अन्य अधिकारियों को परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है।

वीआईपी जहां ठहरे हैं, वहां कमांडेंट या एसपी रैंक के अधिकारियों को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। 3 शिफ्ट में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। IIM में आईजी रैंक के अधिकारी भी तैनात किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button