रायपुर में MMI-नारायणा की नर्स को चाकू से काटा:कमरे में खून से सनी मिली लाश, बॉयफ्रेंड से था विवाद, सहेलियों के साथ रहती थी
By Dinesh chourasiya
राजधानी रायपुर में MMI नारायणा अस्पताल की नर्स को चाकू से काटकर मार डाला। नर्स की लाश कमरे में खून से सनी मिली है। युवती के सीने पर और शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि बॉयफ्रेंड के साथ विवाद चला रहा था। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतिका का नाम प्रियंका दास (23) है, जो MMI नारायणा अस्पताल में नर्स थी। वह मनेंद्रगढ़ की रहने वाली थी। टिकरापारा में किराए के कमरे में 3 सहेलियों के साथ रह रही थी। वारदात के बाद आरोपी चाकू को लाश के पास ही छोड़कर भाग गया है।
हत्या से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए…


जानिए कैसे चला मर्डर का पता ?
दरअसल, गुरुवार सुबह नाइट ड्यूटी करने के बाद प्रियंका दास की सहेली रूम पहुंची। इस दौरान प्रियंका की सहेली ने कमरे के भीतर खून से सनी लाश देखी। युवती ने अपने पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसियों ने टिकरापारा पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मामले की जानकारी मिलते ही टिकरापारा पुलिस और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल से सबूत जुटाए। साथ ही लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। कमरे में चाकू से वार करने की वजह से खून ही खून बिखरा मिला है।
वहीं पड़ोसी कुलेश्वर यादव ने बताया कि, पिछले एक महीने से प्रियंका अपनी तीन सहेलियों के साथ किराए पर रहती थी। रूममेट लड़कियों ने उसे बताया कि प्रियंका का अपने बॉयफ्रेंड से किसी बात पर विवाद था। इसके बाद सहेलियों ने उसे वापस घर जाने के लिए कहा था, लेकिन उसने घर जाने से मना कर दिया था।
कमरे से किसी को निकलते नहीं देखा
पड़ोसियों का कहना है कि, उन्होंने किसी को भी प्रियंका के कमरे से निकलते हुए नहीं देखा। न ही लड़ाई झगड़े की कोई तेज आवाज सुनी। इससे यह साफ है कि मर्डर करने के बाद हत्यारा दूसरों की नजर से बचते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस को शक है कि मर्डर में बॉयफ्रेंड से विवाद एक वजह हो सकती है। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
पुलिस को मौके पर मिला चाकू
टिकरापारा पुलिस के मुताबिक उन्हें करीब 11:30 बजे हत्या की सूचना मिली थी। लड़की के हाथ के पास से चाकू मिला है, जिसे जब्त किया गया है। बताया जा रहा है कि, प्रियंका ने एक दिन पहले अस्पताल में ड्यूटी भी की थी। वह डे शिफ्ट में थी। फिलहाल पुलिस रूममेट से पूछताछ कर रही है।
प्रेग्नेंट गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड को चाकू से मार-डाला
इससे कुछ दिन पहले, रायपुर के स्टेशन रोड स्थित एवॉन लॉज में नाबालिग प्रेग्नेंट गर्लफ्रेंड (16) ने बॉयफ्रेंड की चाकू गोदकर हत्या कर दी थी। गर्लफ्रेंड ने युवक पर 5 बार चाकू से वार किया था। गर्दन-पीठ समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले थे। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृत युवक का नाम मोहम्मद सद्दाम (20) है, जो बिहार का रहने वाला था। रायपुर के एक कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। युवक की हत्या करने के बाद गर्लफ्रेंड ट्रेन से अपने घर बिलासपुर भाग गई थी, लेकिन बाद में सरेंडर कर कहा कि मैंने अपने बॉयफ्रेंड को मार दिया।