दुर्ग में BSC के छात्रों ने किया कुलपति कार्यालय का घेराव:फर्स्ट व सेकंड सेमेस्टर के ज्यादातर छात्र हो गए फेल, कहा- टॉपर छात्रों को भी मिला 0 से लेकर 4 नंबर
By Dinesh chourasiya

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के बीएससी प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों ने सोमवार को कुलपति कार्यालय का घेराव किया। छात्रों का आरोप है कि हाल ही में घोषित रिजल्ट में उनके साथ अन्याय किया गया है। कई छात्रों को 0, 1 और 4 जैसे बेहद कम अंक दिए गए हैं, जबकि यही छात्र पहले सेमेस्टर में टॉपर रहे थे। नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और रिजल्ट में सुधार की मांग की।
आधे से ज्यादा छात्र फेल घोषित पांच दिन पहले जारी हुए रिजल्ट ने छात्रों को सकते में डाल दिया है। कक्षा के लगभग 50% विद्यार्थियों को फेल या एटीकेटी में डाल दिया गया है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने प्रश्नपत्र का सही उत्तर लिखा था, लेकिन जांच के दौरान बिना वजह नंबर काटे गए। एक छात्रा ने बताया कि मेरे आंसर बिल्कुल सही थे। दोबारा जांच करवाने के बाद भी सब कुछ सही निकला, लेकिन मुझे नंबर नहीं दिया गया। उल्टा हमें ही गलत ठहराया जा रहा है।







जांच पर उठे सवाल विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने कई प्रश्नों में रिलेटिव आंसर लिखे थे, जिन्हें भी गलत बताकर शून्य अंक दे दिए गए। दूसरी ओर, प्रोफेसरों का कहना है कि छात्रों के उत्तर गलत थे, इसलिए उन्हें कम अंक दिए गए हैं। इसी बात को लेकर अब विश्वविद्यालय प्रबंधन ने एक्सपर्ट से दोबारा जांच की बात कही है।
हंगामा बढ़ता देख बुलानी पड़ी पुलिस बताया जा रहा है कि राजनांदगांव व अन्य कॉलेजों के विद्यार्थी सुबह 11 बजे से ही विश्वविद्यालय परिसर में आ चुके थे। लेकिन उनकी कोई बात नहीं सुन रहा था। धीरे-धीरे छात्रों का सब्र टूटता गया और उन्होंने कुलपति चैंबर के बाहर धरना शुरू कर दिया।
छात्रों की भीड़ और हंगामा देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम ने छात्रों को नियंत्रित किया। इस दौरान कुलपति चैंबर के बाहर भी गेट पर दो पुलिस के जवान तैनात किए गए। छात्रों ने कुलपति चैंबर के बाहर बैठकर उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।




कुलसचिव बोले- छात्रों के साथ नहीं होगा अन्याय दैनिक भास्कर डिजिटल ने जब छात्रों से जुड़े इस गंभीर मामले पर कुलपति डॉ. संजय तिवारी से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने छात्रहित के मुद्दे पर मिलना भी मुनासिब नहीं समझा।
वहीं विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप ने कहा कि हमें छात्रों की शिकायत मिली है। हमने उनकी समस्याओं को सुना है। जल्द ही इस मामले का हल निकाला जाएगा। किसी भी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
वहीं नाराज छात्रों ने कहा कि यदि उनकी कॉपियों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
26 सितंबर को रिजल्ट दोबारा जारी करने का आश्वासन कुलपति कार्यालय में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि उन्होंने पूरे साल मेहनत की, लेकिन रिजल्ट ने उनकी उम्मीदें तोड़ दीं। छात्रों ने कहा कि रिजल्ट के नाम पर उनके भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। हम पढ़ाई में अच्छे हैं, पहले सेमेस्टर में अच्छे अंक लाए थे। लेकिन इस बार हमें 0 और 1 नंबर देना समझ से परे है।
नाराज छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि कॉपियों की जांच विषय विशेषज्ञों से करवाई जाएगी। इसके बाद 26 सितंबर को रिजल्ट को दोबारा रिवील किया जाएगा।




