Uncategorized

दुर्ग में NHM कर्मचारियों ने निकाली ‘सवाल रैली’:बीजेपी कार्यालय पहुंचे 800 से ज्यादा प्रदर्शनकारी, बोले-आपने बनाया है तो संवारेंगे कब?

By Dinesh chourasiya

 

छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के बैनर तले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों की हड़ताल 23वें दिन भी जारी रहा। प्रदेश के 33 जिलों में “सवाल रैली” निकाली गई। दुर्ग में 800 से ज्यादा कर्मचारी भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पहुंचे और जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक को अपनी 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपना चाहा। लेकिन उनकी अनुपस्थिति में प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा गया।

बीजेपी कार्यालय पहुंचे कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की और कहा कि बीजेपी ने एनएचएम में काम करने वाले कर्मियों को नियमित करने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने बीजेपी के पदाधिकारियों से सवाल किया कि आपने बनाया है तो संवारेंगे कब?

दुर्ग बीजेपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते एनएचएम कर्मचारी।

रैली में कर्मचारियों ने कई सवाल खड़े किए

उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी में जो घोषणा हुई, उसे निभाएंगे कब?, मध्यप्रदेश में मिल रही सुविधाएं छत्तीसगढ़ में कब मिलेंगी?, 20 साल से काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित कब करेंगे? और अनुकंपा नियुक्ति के बिना परिवार सड़क पर आ रहे, उनकी सुध लोगे कब? कर्मचारियों ने आगे बताया कि वे आंदोलन को आगे जारी रखेंगे।

आंदोलन को और उग्र रूप देंगे

दुर्ग जिला अध्यक्ष आलोक शर्मा का कहना है कि अगर सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो वे आंदोलन को और उग्र रूप देंगे। सरकार ने चुनाव से पहले उनके भविष्य को लेकर बड़ी-बड़ी घोषणाएं कीं, लेकिन सत्ता में आने के बाद कोई ठोस पहल नहीं हुई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और उग्र होगा।

Related Articles

Back to top button