
CG में इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘मेरे मरने का कारण मेरी गर्लफ्रेंड है’:पोस्ट के एक दिन बाद मिला युवक का शव; रेप केस में फंसाने का आरोप
By Dinesh chourasiya
जांजगीर चांपा जिले में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखकर सुसाइड कर लिया। ग्राम पोंछ के रहने वाले गोपी दास महंत (23) ने मौत का जिम्मेदार अपनी गर्लफ्रेंड को ठहराया है। 20 जून गुरुवार की सुबह गांव के ही जंगल में पेड़ से लटका गोपी का शव मिला है।
मामला बलौदा थाना क्षेत्र का है। गोपी ने पोस्ट में लिखा कि उसकी गर्लफ्रेंड सीमा महंत से वो 4 साल से परेशान है। सीमा ने उससे 15,000 रुपए लिए और रेप केस में फंसाने की धमकी दी। बता दें कि गोपी राज घराना मिठाई दुकान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत था।








गोपी महंत का आखिरी पोस्ट
मैं गोपी दास महंत ग्राम पोंछ का रहने वाला हूं और मेरे मरने का मुख्य कारण मेरी गर्लफ्रेंड सीमा महंत है…पिता का नाम फूलदास है, ग्राम तरदा जिला कोरबा…मैं पिछले 4 साल से इन लोगों का दुख झेलता आ रहा हूं लेकिन अब बर्दास्त के बाहर है..
आज 13-06-25 को मुझे मिलने के बहाने रायपुर बुलाकर 15000 पैसे ले लिए और मना करने पर रेप केस में फंसाने की धमकी दी और साथ में अपने दोस्तों को बुलाया था, विनिता और रूपेश….लास्ट में यही बोलूंगा मुझे माफ कर देना मां पापा….




परिजनों ने फोन लगाया कोई जवाब नहीं
गोपी 19 जून की दोपहर 1:30 बजे से लापता था। मृतक के बुआ के बेटे मुक्तवन महंत ने बताया कि गोपी पिछले 4 साल से परेशान था। लापता होने के बाद परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

ग्रामीण ने पेड़ से लटका देखा शव
अगले दिन सुबह एक ग्रामीण ने बकरी चराते समय पेड़ पर लटका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर गोपी की गर्लफ्रेंड को आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया है। बलौदा पुलिस मामले की जांच कर रही है।




