रायपुर में मेडिकल शॉप से 27 लाख चोरी:पुराने ड्राइवर ने ही की वारदात, पहले कार की चाबी चुराई फिर दुकान का ताला खोला
By Dinesh chourasiya

रायपुर में दवा कारोबारी की दुकान से 27 लाख की चोरी हो गई। आरोपी को जांजगीर-चांपा से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी विजय कश्यप उर्फ गुड्डा पहले दवा कारोबारी के यहां ड्राइवर के तौर पर काम करता था और घटना के बाद अपने गांव मलदा कला (जिला सक्ती) फरार हो गया था।
पूरा मामला माना थाना क्षेत्र का है। डुमरतराई के ‘औषधि वाटिका’ के मालिक संजय आहूजा ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनकी डूमरतराई में कॉस्मेटिक और मेडिकल दवाई की दुकान है।







27 मई की रात साढ़े 8 बजे वह दुकान बंद करके घर लौटे। रात करीब 10:30 बजे जब उन्होंने घर में ताला लगाने की कोशिश की, तो देखा कि उनकी कार की चाबी घर में नहीं है। जब कार में जाकर देखा तो पाया कि दुकान की चाबी भी गायब है।

शक होने पर कारोबारी ने बदला ताला
दुकान की चाबी नहीं मिलने पर कारोबारी को शक भी हुआ। इसके बाद कारोबारी ने करीब 12 नए ताले खरीद और रात 11 बजे दुकान पहुंचकर सभी ताले बदल दिए। दुकान में लगे पुराने ताले को हटा दिए। हालांकि इससे पहले ही आरोपी ने चोरी कर ली थी।




अगले दिन सुबह जब कारोबारी दुकान पहुंचा तो देखा कि केबिन का दराज खुला हुआ था और लॉक टूटा हुआ था। चोर वहां रखे 15 लाख कैश और उसके पिता के केबिन में रखे 12 लाख चुरा ले गया। कुल 27 लाख रुपए की रकम चुराई जा चुकी थी। जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से मिला सुराग घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस सक्रिय हुई। रायपुर की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ माना थाना की पुलिस ने पूछताछ की। घटनास्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले गए। एक संदिग्ध युवक फुटेज में दिखा। पुलिस ने उसकी पहचान विजय कश्यप उर्फ गुड्डा के रूप में हुई। पता चला कि वह कुछ महीने पहले तक उसी दुकान में ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है।
गांव में छिपा मिला आरोपी जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात के बाद विजय अपने गांव मलदा कला (जिला सक्ती) भाग गया था। रायपुर पुलिस ने तुरंत जिला जांजगीर और सक्ती पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के गांव में दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
आरोपी ने कबूल किया अपराध पूछताछ में विजय कश्यप ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे पैसों की सख्त जरूरत थी और उसे दुकान के भीतर नकदी रखे जाने की जगह की पूरी जानकारी थी। इसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई। उसने घर से कार की चाबी चुराई, फिर कार से दुकान की चाबी लेकर ताले खोले और पैसे निकालकर बाइक से अपने गांव भाग गया।
बरामद हुआ पूरा पैसा और बाइक पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पूरी चोरी की रकम 27 लाख रुपए नकद और एक बाइक बरामद की है। माना थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।




