Uncategorized

CG में रेत माफिया ने कॉन्स्टेबल को ट्रैक्टर से रौंदा, मौत अवैध रेत खनन पर कार्यवाही करने पहुंचे थे पुलिसकर्मी; कुचलते हुए भागा ड्राइवर

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रेत माफियाओं ने एक आरक्षक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया जिससे उसकी मौत हो गई। ग्राम लिबरा में कनहर नदी से अवैध रेत खनन किया जा रहा था। रविवार रात पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी तभी चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगे। मामला सनावल थाना क्षेत्र का है।

इस दौरान सनावल थाने के आरक्षक शिव बचन सिंह (43) ने गाड़ी को रोकने की कोशिश की। ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और आरक्षक को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में आरक्षक के सीने में अंदरूनी चोटें आई थीं, गंभीर रूप से घायल आरक्षक ने हॉस्पिटल लाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार है।

हॉस्पिटल ले जाने के दौरान हुई मौत

घटना की सूचना पर सनावल थाना प्रभारी दिव्य कांत पांडेय तुरंत मौके पर पहुंचे। घायल आरक्षक शिव बचन सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज लाया जा रहा था, रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कार्रवाई के दौरान हुई घटना

सनवाल थाना प्रभारी दिव्य कांत पांडे ने बताया कि ग्राम लिबरा में वन विभाग की टीम रेत के अवैध उत्खनन पर कार्रवाई कर रही थी। ट्रैक्टर को रोकने के दौरान यह हादसा हुआ। ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी न रोककर आरक्षक के ऊपर चढ़ाते हुए निकल गया।

हादसे के बाद हॉस्पिटल पहुंचे आरक्षक के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अवैध रेत खनन का ग्रामीण कर रहे थे विरोध

जानकारी के मुताबिक, इस क्षेत्र में झारखंड के तस्करों द्वारा बड़े पैमाने पर रेत का अवैध खनन कराया जा रहा था, जिसका लिबरा और कुसफर के ग्रामीण विरोध कर रहे थे। शनिवार शाम सनावल थाना प्रभारी की टीम ने रेत के अवैध उत्खनन में लगी तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया था।

इस कार्रवाई के बाद रविवार रात में झारखंड के तस्करों ने रेत निकालने के लिए गाड़ियां लगाई थीं, जिसपर कार्रवाई करने के लिए वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान आरक्षक को ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी।

…………………………..

Related Articles

Back to top button