Uncategorized

भिलाई में मुर्गे की बलि चढ़ाकर घर के सामने फेंका 2 युवकों ने चूड़ी-सिंदूर और कटे नींबू रखे; दूसरे घर के दरवाजे में लगाई आग

By Dinesh chourasiya

 भिलाई में शुक्रवार देर रात घर के दरवाजे के सामने मुर्गे की बलि देकर घर के सामने फेंका गया है। कटे नींबू में सुई चुभोकर, सफेद कपड़े पर सिंदूर और काली चूड़ियां फेंककर जाते 2 युवक CCTV कैमरे में कैद हुए हैं।

इसके साथ ही पड़ोस के दूसरे घर में दरवाजे के नीचे पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मकान मालिक को पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का शक है है। मामला छावनी थाना इलाके के कैंप-1 सुंदर नगर का है।

अब जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, 5 अप्रैल को सुंदर नगर के रहवासी एस नरेश के घर में तंत्र-मंत्र किया गया है। सुबह 4 बजे जब एस नरेश उठे और घर का दरवाजा खोला तो वो तंत्र-मंत्र और मुर्गे की बलि को देखकर काफी डर गए। उन्होंने तुरंत घर का दरवाजा बंद कर लिया। पत्नी रामलुमा को बाहर जाने से मना किया।

इसके बाद उन्होंने बेटे एस बाला राजू को फोन कर जानकारी दी। जानकारी मिलते ही बेटा एस बाला राजू घर पहुंचा। उसने देखा कि मोहल्ले में भीड़ लगी है। लोग काफी डरे हैं। उसने लोगों को समझाया कि जादू टोना कुछ नहीं होता। ये किसी ने शरारत की है।

इसके बाद उसने छावनी थाने में शिकायत की। पुलिस के आने पर जांच करने के बाद टोना टोटका का सामान घर के सामने से हटाया गया।

घर के अंदर पड़ा कटा मुर्गा और जादू-टोने का सामान

CCTV फुटेज में 2 लड़के दिखे मुर्गा फेंकते

एस नरेश और उनकी पत्नी का कहना है कि मोहल्ले में 2-3 लोगों से उनकी कुछ पुरानी रंजिश है। वही लोग इस तरह की करतूत किए होंगे। वहीं एस नरेश के घर और आसपास कई घरों में CCTV कैमरे लगे हैं। उस कैमरे में 2 आरोपियों की तस्वीर कैद हुई है, जिनके चेहरे कपड़े से ढके थे, वो लोग एक स्कूटी से आए।

उन्होंने एक मुर्गा का गला काटा और उसे एस नरेश के घर की बाउंड्री के अंदर फेंका। साथ ही एक कपड़े में लाल सिंदूर, काली चूड़ी, कटे नींबू फेंककर भाग गए। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है। हुलिए के आधार पर पहचान कर रही है।

घर के सामने सफेद कपड़े पर सिंदूर, काली चूड़ियां, कटे हुए नींबू में सुई चुभोकर रखा गया था।

एक युवक के घर को जलाने की कोशिश

बाला राजू के साथ घूमने वाले एक लड़के बी विक्की के घर को भी आरोपियों ने शुक्रवार रात निशाना बनाया। उन्होंने विक्की के घर के बाहर गेट से पेट्रोल कमरे के अंदर डाला और फिर आग लगा दी। गनीमत यह रही गेट लोहे का था और गेट के बाहर से विक्की के घरवाले सोए थे तो जाग गए।

इसके बाद परिवार के लोगों ने तुरंत पानी से आग को बुझाने में कामयाब रहे, नहीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

सुबह करीब 4 बजे जब नरेश उठे तो घर के जादू टोना देखकर काफी दहशत में आ गए।

पहले भी जला चुके हैं विक्की की बाइक

आरोपियों ने ऐसा पहली बार नहीं किया, उन्होंने इससे पहले भी बाला राजू के खिलाफ पेवर ब्लॉक से बने पॉथवे पर गाली और अश्लील शब्द लिखे थे। इसके साथ ही 5 नवंबर 2024 में बी विक्की के घर के बाहर खड़ी बाइक को आग के हवाले कर दिया था।

पुलिस ने मामला तो दर्ज किया था, लेकिन अज्ञात आरोपी होने के कारण कार्रवाई नहीं हुई थी।

मोहल्ले के लोगों में आक्रोश

इस वारदात के बाद मोहल्ले में काफी आक्रोश है। बाला राजू और मोहल्ले के लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही कहा है कि इस बीच उनके साथ जो भी अनहोनी होगी इसके लिए पुलिस जिम्मेदारी होगी।

Related Articles

Back to top button