Uncategorized

दुर्ग की राइस मिल में लगी भीषण आग लाखों का बारदाना और धान जलकर राख; आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां

By Dinesh chourasiya

 दुर्ग जिले में नारायण राइस मिल में सुबह 7:30 बजे भीषण आग लग गई है। आग पर काबू पाने के लिए 4 दमकल लगी हुई हैं। बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि बुझाने में करीब 3-4 घंटे लग सकते हैं। मामला चिखली क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक राइस मिल कैलाश रूंगटा की है। राइस मिल में सुबह मजदूरों ने धुआं निकलता देखा। जब तक वो समझ पाते आग बारदानों तक पहुंच गई। इससे तेज लपटें निकलने लगी। लाखों का नुकसान हो गया है।

तस्वीरों में देखिए राइस मिल में आग….

नारायण राइस मिल में भीषण आग लग गई है।
नारायण राइस मिल में आग से धान और बारदान जलकर राख हो गए हैं।
आग बुझाने का काम जारी है। कुछ जगहों पर आग बुझ गई है।

फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां और टीम लगी

जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 2 घंटे में कुछ हद तक आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन अभी तक पूरी तरह से आग बुझ नहीं पाई है। धान के बोरों और बारदाने में आग लगने से वो धीरे-धीरे सुलगती रहती है। अगर उसे पूरी तरह बिना बुझाए ही छोड़ा गया, तो वो थोड़ी देर में फिर से सुलग जाएगी।

बारदाना में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी।

मजदूरों को मिल एरिया से बाहर निकाला गया

नागेंद्र कुमार ने बताया कि अग्निशमन दल धान और बारदाने में अच्छी तरह से पानी डालकर उसे बुझा रहा है, जिससे एक भी चिंगारी ना बढ़े और दोबारा आग ना भढ़के। मौके पर दुर्ग पुलिस की टीम भी मौजूद है। पुलिस ने मजदूरों और लोगों को मिल एरिया से बाहर किया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि ना हो।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

पुलिस ने बताया कि आग लगने का स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है, लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। आग लगने से मिल मालिक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण जानने के लिए पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button