रायपुर में ट्रेनिंग के दौरान SI कैंडिडेट की मौत:रनिंग करते वक्त बिगड़ी तबीयत; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
By Dinesh chourasiya

रायपुर में सब इंस्पेक्टर अभ्यर्थी की ट्रेनिंग के दौरान मौत हो गई। रनिंग के दौरान SI अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही कैंडिडेट ने दम तोड़ दिया मृतक का नाम राजेश कोसरिया (29) है, जो महासमुंद का रहने वाला था। कुछ दिनों पहले ही राजेश ने चन्दखुरी स्थित पुलिस ट्रेनिंग एकेडमी में ट्रेनिंग की शुरुआत की थी।
आज (शुक्रवार) सुबह सभी अभ्यर्थियों को दौड़ाया जा रहा था। कुछ देर दौड़ने के बाद ही राजेश की तबीयत खराब हो गई थी। राजेश कोसरिया का नाम 10 मार्च को सीएम साय के हाथों नियुक्ति पत्र देने की सूची में शामिल था। घटना के बाद मृतक के परिवार वालों ने जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि इस घटना की सही वजह पता लगाई जाए।







एसआई भर्ती 2021 से जुड़ी जानकारी नीचे देखिए
6 साल पहले भर्ती, 975 पदों पर 959 का चयन
छत्तीसगढ़ में कुछ महीने पहले सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती 2021 का रिजल्ट जारी किया गया था। 975 पदों पर 959 उम्मीदवारों का चयन किया गया। भर्ती प्रक्रिया 2018 में शुरू हुई थी। अगस्त-सितंबर में इंटरव्यू हुआ था, तब से अभ्यर्थी रिजल्ट के इंतजार में आंदोलन कर रहे थे।




6 साल पहले एसआई भर्ती हुई थी। तब करीब साढ़े 600 पद थे। बाद में 2021 में संशोधित विज्ञापन आया। तब पदों की संख्या बढ़कर 975 हो गई। शारीरिक मापतौल, लिखित परीक्षा के बाद पिछले साल साक्षात्कार हुआ। इसमें 1378 शामिल हुए। फिर मामला कोर्ट पहुंचा था।
975 पदों के लिए 1436 दावेदार थे
कोर्ट के निर्देश पर 370 अतिरिक्त पुरुष अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया गया था। यह परीक्षा 9 जुलाई 2024 को हुई थी। इस आधार पर जुलाई में ही 58 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू हुआ। इस तरह 975 पदों के लिए 1436 दावेदार थे।
पुलिस विभाग में सूबेदार, उप निरीक्षक-संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती-2021 की 975 पदों पर 959 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
57 सूबेदार, 577 उपनिरीक्षकों की भर्ती
इसमें सूबेदार के 58 रिक्त पद पर 57, उपनिरीक्षक के 577 पद पर 577, उपनिरीक्षक (विशेष शाखा) के 69 पद पर 69, प्लाटून कमाण्डर के 247 पद पर 247, उपनिरीक्षक (अंगुल चिन्ह) के 6 पद पर 2, उपनिरीक्षक (प्रश्नाधीन दस्तावेज) के 3 पद पर 1, उपनिरीक्षक (कम्प्यूटर) के 6 पद पर 5, उपनिरीक्षक (रेडियो) के 9 पद पर 1 की भर्ती की गई है।




