भिलाई में गौठान का हाल बेहाल 6 बछड़ों को कुत्तों ने नोचकर मार डाला भूख-प्यास से तड़प रहे गौवंश; चारा-पानी और सुरक्षा के इंतजाम की मांग उठी
By Dinesh chourasiya
भिलाई नगर के गौठान में गाय के 6 बछड़ों को आवारा कुत्तों ने नोच-नोच कर मार दिया है। घटना की जानकारी जैसे ही निगम के अधिकारियों को हुई, आनन फानन में वहां से मवेशियों के शवों को हटा दिया गया है।
वहीं गौ सेवकों ने भिलाई निगम कमिश्नर से मांग की है कि वो कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं। साथ ही गौठान में रहने वाले मवेशियों के चारा पानी और सुरक्षा को लेकर इंतजाम करें।








भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के बगल से नेशनल हाईवे के किनारे बने भिलाई नगर निगम का यह गौठान एक आदर्श गौठान था। इसका क्षेत्रफल काफी बड़ा होने से यहां बर्मी कम्पोस्ट खाद, हर्बल गुलाल, रंग और अन्य चीजें बनाने के लिए महिला समूह कार्य करती थी। वर्तमान में यहां की देखरेख भगवान भरोसे हैं।
यहां दिन में आवारा कुत्तों का जमावड़ा बना रहता है। ये कुत्ते गौठान में बंधे बछड़ों को अपना शिकार बनाते हैं। इसी तरह बीती रात कुछ कुत्तों के झुंड ने यहां बंधे 6 मवेशियों को नोच-नोच कर मार डाला।
भिलाई में बढ़ती जा रही डॉग्स की संख्या




भिलाई नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक भिलाई में आवारा कुत्तों की संख्या 10 हजार से अधिक है। हर गली मोहल्ले में कुत्तों का झुंड दिखाई दे जाता है। कई बार ये कुत्ते इंसान पर भी हमला कर देते हैं। निगम ने कुत्तों की जनसंख्या को रोकने के लिए नसबंदी अभियान चलाया था, लेकिन तय की गई एजेंसी कोई काम नहीं कर रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा- गाय की रक्षा के लिए आगे आए लोग
कांग्रेस नेता अली हुसैन सिद्दकी का कहना है कि जब निगम कुत्तों को जनसंख्या रोकने के लिए धरपकड़ करती है तो भाजपा नेता मेनिका गांधी के एनजीओ से नोटिस आ जाता है। इसी तरह गौवंश की सुरक्षा को लेकर भी एनजीओ बनना चाहिए। जिससे गायों पर हो रहे इस तरह के अत्याचार को रोका जाए।
उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार के समय में सभी गौठानों का संचालन बेहतर तरीके से हो रहा था। वर्तमान में सरकार किसी तरह का कोई फंड नहीं दे रही है। इससे गौठान का सही तरीके से संचालन नहीं हो रहा है। सरकार को इस पर ध्यान देना होगा।




