दुर्ग जिले में पकड़ाई महाराष्ट्र की शराब:26 लाख रुपए की 361 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, मुख्य आरोपी फरार
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत डांडेसरा गांव से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब पकड़ाई है। पकड़ी गई शराब महाराष्ट्र राज्य की बताई जा रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह शराब चुनाव में खपाने के लिए लाई गई थी। दुर्ग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं मुख्य आरोपी सहित दो लोग फरार हैं।
दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला को सूचना मिली थी कि पुलगांव थाना अंतर्गत जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में नागपुर की शराब लाई गई है और उसे खपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने तुरंत एएसपी सिटी सुखनंदन रौठर के नेतृत्व में छावनी सीएसपी हरीश पाटिल और कई थानों की पुलिस को मिलकर एक टीम गठित की। हरीश पाटिल और उनकी टीम ने गुरुवार सुबह डांडेसरा गांव में छापामार कार्रवाई की। उन्होंने अलग-अलग खेतों से शराब 361 पेटी शारब जब्त की।







जब्त शराब की कुल कीमत 26 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने वहां से नगपुरा निवासी विजय निषाद और डंडेसरा निवासी धनराज निषाद को गिरफ्तार किया। वहीं पुलिस की कार्रवाई के दौरान ही मुख्य आरोपी पंकज निषाद और उसका एक साथी वहां से फरार हो गया। पुलिस उनकी तलाश में लगी है।
सीएसपी छावनी हरीश पाटिल ने बताया कि उन्होनें पूरी शराब को जब्त कर लिया है। शराब को जेवरा सिरसा चौकी में ले जाया गया है। शराब की जब्ती और पंचनामा कार्रवाई जारी है। इसके साथ ही गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है।

कई थानों को पुलिस टीम में शामिल




दुर्ग एसपी ने सीएसपी हरीश पाटिल के नेतृत्व में जो टीम बनाई है उसमें जामुल, पुलगांव और सुपेला थाना सहित एसीसीयू की टीम को शामिल किया गया था। बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने पूरे मकान को घेरकर छापेमार कार्रवाई की है।
चुनाव में शराब खपाने की आशंका
सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि यह शराब इतनी बड़ी मात्रा में क्यों लाई गई थी, इसकी पूछताछ जारी है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह शराब नगरीय निकाय चुनाव में बांटने के लिए मंगाई गई थी। मुख्य आरोपी पंकज निषाद की गिरफ्तारी के बाद यह पता चल पाएगा कि यह शराब किसके लिए मंगाई गई थी।
पाटन में भी पकड़ाई थी 500 पेटी शराब
इस कार्रवाई से तीन दिन पहले दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र में कांग्रेस नेता और पाटन ब्लॉक के अध्यक्ष महेंद्र वर्मा के फुंडा स्थित फार्म हाउस से 31 लाख रुपए कीमत की 500 पेटी शराब पकड़ाई थी। इस पर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने आरोप लगाया था कि घोटाले की शराब को कांग्रेसी चुनाव में खपा रहे हैं।
जेवरा सिरसा पुलिस की भूमिका पर सवाल
इस पूरी कार्रवाई में जेवरा सिरसा चौकी को छापेमारी की जानकारी नहीं दी गई थी। छापेमारी और शराब जब्त होने के बाद चौकी प्रभारी पुरुषोत्तम कुर्रे को इसी जानकारी दी गई थी। पुलिस विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब आने की जानकारी जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को थी या नहीं इसकी भी जांच होने की बात कही जा रही है।




