
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर वोटिंग जारी :केजरीवाल माता-पिता को व्हीलचेयर पर लेकर पहुंचे, प्रियंका ने पति-बेटे के साथ वोट डाला; 11 बजे तक 19.95% मतदान
By Dinesh chourasiya
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, LG वीके सक्सेना, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अरविंद केजरीवाल, विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी वोट डाल चुके हैं।
11 बजे तक 19.95% वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा 24.87% मतदान नार्थ ईस्ट दिल्ली में हुआ। यह भाजपा सांसद मनोज तिवारी का संसदीय क्षेत्र है।







वोटिंग के दौरान AAP के 2 विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। AAP विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला ने संगम विहार थाने में फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया है। वहीं, ओखला विधानसभा से AAP विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है।
वोटिंग के बाद CM आतिशी ने कहा- दिल्ली का चुनाव धर्मयुद्ध है। नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस बार जनता प्रधानमंत्री मोदी के विजन को दिल्ली में लाने के लिए वोट कर रही है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा- लोग शीला दीक्षित के विकास के दिन याद कर रहे हैं।




