भिलाई में पंजाब से हेरोईन की तस्करी करने वाले दो गिरफ्तार:एक लाख रुपए का चिट्टा जब्त कर आरोपियों को भेजा जेल
By Dinesh chourasiya

दुर्ग पुलिस ने हेरोईन यानि चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पंजाब से चिट्टा लाकर भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में बेचते थे। आरोपियों का एक साथी पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख रुपये कीमत का 14 ग्राम चिट्टा जब्त किया है।
दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबीर से सूचना मिली कि बब्बू अली नाम का व्यक्ति कुछ दिन पहले चिट्टा खरीदने के लिए पंजाब गया था। वो हाल ही में पंजाब से वापस आया है। उसके पास काफी अधिक मात्रा में चिट्टा है।







सूचना मिलते ही एसीसीयू की टीम सक्रिय हो गई। वो बब्बू की निगरानी रख ही रही थी कि बुधवार को उन्हें पता चला कि वो हरपाल सिंह के साथ चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। वो कुछ समय पहले वृन्दा नगर, दक्षु बाड़ी मैदान, करंज झाड़ के नीचे खड़े देखा गया है।

सूचना मिलते ही डीएसपी क्राइम हेम प्रकाश नायक ने एसीसीयू प्रभारी तापेश नेताम को टीम के साथ वहां भेजा। तापेश ने अपनी टीम के साथ उनकी घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी वहां से भागने लगे।
पुलिस ने दोनो को भागते हुए दबोच लिया। पूछताछ करने पर एक आरोपी ने अपना नाम बब्बू अली और दूसरे ने हरपाल सिंह बताया। दोनों की तलाशी लेने पर बब्बू अली के पास से 8 ग्राम और हरपाल के पास से 6 ग्राम कुल 14 ग्राम चिट्टा (हेरोईन) जब्त किया गया। जब्त चिट्टा की कुल कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है।




बब्बू हत्या के मामले में जा चुका है जेल
एसपी दुर्ग ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बब्बू अली पहले भी धारा 302 यानि हत्या और चाकूबाजी के मामले में जेल जा चुका है। जामुल पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसमें उसे 15 वर्ष की सजा हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद वो हेरोईन के अवैध कारोबार से जुड़ गया।
पंजाब के नेटवर्क को ध्वस्त करेगी दुर्ग पुलिस
दुर्ग एसपी ने कहा कि उनकी कार्रवाई केवल बब्बू तक नहीं सीमित रहेगी। नशे के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए वो उस आरोपी को भी गिरफ्तार करेंगे, जहां से बब्बू हेरोईन लाता था। इसके पुलिस पंजाब पुलिस से सहयोग लेकर वहां भी कार्रवाई करेगी।
ये आरोपी हेरोईन के साथ हुए गिरफ्तार
- बब्बू अली पिता लियाकत अली (40 साल) निवासी वृन्दा नगर, केम्प-1, दिवाकर भारती के घर के पीछे, थाना सुपेला, भिलाई
- हरपाल सिंह पिता सुखदेव सिंह (24 साल) निवासी संग्राम चौक, हनुमान मंदिर के पास 18 नंबर रोड, केम्प-1, थाना वैशाली नगर, भिलाई




