CG में ईसाई समुदाय के धर्मगुरु के कार्यक्रम को नहीं मिली अनुमति घेरा कलेक्ट्रेट, ब्लेस पार्थना का होना था आयोजन
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में ईसाई समुदाय के लोगों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर दिया है। सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है ब्लेस पार्थना महोत्सव के लिए प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। इसी के विरोध में समाज के सदस्य सड़क पर उतर आए हैं।
दरअसल, 8, 9 और 10 नवंबर को जगदलपुर में संभागस्तरीय ब्लेस पार्थना महोत्सव का आयोजन किया जाना था। समाज के धर्मगुरु डॉ पॉल दिनाकरण और परिवार इसमें मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम पहले से ही तय था। जिसके लिए होर्डिंग्स लगाई जा चुकी थी। कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों की अफसरों से बातचीत चल रही थी, लेकिन प्रशासन ने अनुमति देने से मना कर दिया।








वहीं आज शुक्रवार 8 नवंबर को समाज के सैकड़ों सदस्य संभाग के अलग-अलग जिलों से जगदलपुर पहुंचे। जिन्होंने प्रशासन के अनुमति न देने का विरोध किया। फिर मिशन ग्राउंड से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक नारेबाजी के साथ रैली निकाली। फिर कार्यालय का घेराव कर दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम कर रखे हैं।
हाईकोर्ट में चल रहा मामला
इस कार्यक्रम को लेकर जब प्रशासन ने समाज को अनुमति नहीं दी तो ईसाई समुदाय के सदस्यों ने इसे गलत और उनके साथ पक्षपात होना बताया। वहीं इस मामले को लेकर हाईकोर्ट पहुंचे। हालांकि कोर्ट की तरफ से 8 नवंबर तक कोई निर्णय नहीं आया।





SP बोले- व्यवधान उत्पन्न होने की थी सूचना
इस मामले में बस्तर जिले के SP शलभ सिन्हा ने कहा कि डॉ पॉल दिनाकरण का कार्यक्रम होने वाला था। हमें ऐसी सूचना मिली थी कि कार्यक्रम में कुछ व्यवधान उत्पन्न हो सकता है। इसलिए कार्यक्रम को निरस्त करने का आदेश जारी किया गया था।
आज समाज का एक प्रतिनिधिमंडल बातचीत करने के लिए पहुंचा था। उन्हें आश्वासन दिया गया है कि उनकी जो भी मांगे है उस पर सार्थक चर्चा की जाएगी और उसका कुछ न कुछ ठोस निराकरण किया जाएगा।




