CG के बलरामपुर थाने में युवक के मौत का मामला युवक का आज होगा अंतिम संस्कार:थाने में हमला-तोड़फोड़ पर FIR दर्ज, पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे PCC चीफ दीपक बैज
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में पुलिस कस्टडी में हुई स्वास्थ्यकर्मी गुरुचरण मंडल की मौत को लेकर दो दिनों तक हंगामा चला। आज शुक्रवार को उनके शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, थाने में हमला और तोड़फोड़ में करने वालों पर FIR दर्ज की गई है।
स्वास्थ्यकर्मी गुरुचरण मंडल के गृहग्राम संतोषीनगर में आज हालात सामान्य है। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को गांव से बाहर चले जाने के लिए कह दिया। करीब 500 की संख्या में संतोषीनगर में पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात हैं। बलरामपुर में भी पुलिस बल को तैनात किया गया है।







दीपक बैज मिलने जाएंगे, 2 बजे अंतिम संस्कार
हंगामे के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज बलरामपुर पहुंच रहे हैं। वे संतोषीनगर जाएंगे और परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद गुरुचरण मंडल के शव का अंतिम संस्कार दोपहर करीब 2 बजे किया जाएगा।

महिला ASP को चप्पल से पीटा




दरअसल, गुरुवार को शव गृहग्राम ले जाने के दौरान लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। भीड़ को कंट्रोल करने पहुंची ASP निमिषा पांडे पर भी महिलाओं ने हमला कर दिया था। इस दौरान एक महिला चप्पल से भी मारती नजर आई।
हमला और पथराव के दौरान भाग रही निमिषा पांडेय दो बार गिर गईं और घायल हो गई। वे जशपुर में एएसपी हैं। उन्हें बलरामपुर में ड्यूटी में तैनात किया गया है। इससे पहले, मृतक का शव लेने से परिवारजनों और बंगाली समाज ने इनकार कर दिया था।
जनप्रतिनिधियों के साथ बाहर से आए पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद रात करीब 8 बजे परिजन-ग्रामीण शव लेने और अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। जिसके बाद सुरक्षा के बीच डेडबॉडी गृहग्राम संतोषी नगर लेकर आए थे।



गुरुवार रात भी थाने में हुई थी तोड़फोड़
इससे पहले, गुरुवार रात भी बलरामपुर थाने में लोगों की भीड़ ने हमला बोल दिया। देर रात तक हंगामे के बाद थाने और एसपी कार्यालय के सामने हाईवे पर कर प्रदर्शन कर रहे लोगों की भीड़ को पुलिस ने हटाया। एसपी ने बलरामपुर थाना प्रभारी और आरक्षक को सस्पेंड कर दिया है।
मामले में पहली FIR दर्ज
इस मामले में बलरामपुर पुलिस ने पहली FIR दर्ज की है। थाने पर हमला करने वालों के खिलाफ धारा 132, 221, 121 (I), 296, 115(2), 126(I), 351 (3), 324(4), 190, 191(I), 191 (2), 195(I) बीएनएस एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत केस दर्ज की गई है।
अतिरिक्त FIR होगी दर्ज
शुक्रवार को पुलिस टीम पर पथराव कर जशपुर ASP निमिषा पांडेय को महिलाओं ने चप्पलों से पीट दिया था। पथराव में भी कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई थी। इस मामले में भी अतिरिक्त FIR बलरामपुर पुलिस दर्ज करेगी।


जानिए क्या है पूरा मामला
बलरामपुर थाने में गुरूवार को पूछताछ के लिए बुलाए गए स्वास्थ्य विभाग के प्यून गुरूचरण मंडल (30) ने लॉकअप के बाथरूम में फांसी लगा ली। थाने में गुरूचरण मंडल की मौत की सूचना लोगों को शाम को मिली तो हंगामा मच गया। लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा करते हुए थाने और पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया।
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। वहीं घटना के बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए देर रात थाना प्रभारी प्रमोद रूसिया और कॉन्स्टेबल अजय यादव को निलंबित कर दिया गया है।
पति पर हत्या का शक, भाई ने की थी शिकायत
मंडल की पत्नी रीना गिरी 29 सितंबर को लापता हो गई थी। वो इसकी दूसरी पत्नी थी। रीना गिरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट गुरुचरण मंडल ने ही थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, रीना गिरी के भाई बदला गिरी ने बलरामपुर एसपी से रीना गिरी की हत्या उसके पति और पिता शांति मंडल पर जताते हुए शिकायत की थी।
इसके बाद पुलिस गुरुचरण मंडल और उसके पिता से पूछताछ कर रही थी। पुलिस के अनुसार, गुरुचरण मंडल का शव गुरुवार दोपहर 3.15 बाथरुम में फांसी पर झूलता मिला था।
आईजी अंकित गर्ग ने कहा कि, पुलिस ने कस्टडी में मौत के लिए तय दिशा निर्देशों के अनुसार बलरामपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की तरफ से नियुक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट और एफएसएल टीम की उपस्थिति में शव परीक्षण और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

कांग्रेस कानून-व्यवस्था को लेकर हमलावर
कांग्रेस लगातार प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेर रही है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने शुक्रवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट डालते हुए लिखा कि कानून व्यवस्था का अंतिम संस्कार। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने एक्स पर लिखा कि, अब बलरामपुर भी जल रहा है। पीड़ित परिवार और गामीणों से कल मिलने आ रहा हूं।
……………………..





