
CG में थाने में युवक ने लगाई फांसी…पिता बोले-पुलिस ने मारकर लटकाया : बलरामपुर में देर रात तक चक्काजाम, भूपेश ने कहा- गृहमंत्री को बदलें; टीआई-आरक्षक सस्पेंड
By Dinesh chourasiya
पुलिस कस्टडी में युवक की मौत के बाद बलरामपुर थाने में लोगों की भीड़ ने हमला बोल दिया। देर रात तक हंगामे के बाद थाने और एसपी कार्यालय के सामने एनएच पर चक्काजाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों की भीड़ को पुलिस ने हटाया। एसपी ने बलरामपुर थाना प्रभारी और आरक्षक को सस्पेंड कर दिया है। शहर में भारी पुलिस बल तैनात है।
घटना पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने x पर पोस्ट कर गृहमंत्री को हटाने की मांग की है। वहीं मृतक गुरुचरण मंडल के पिता शांति राम ने थाने से बाहर निकलकर कहा कि पुलिस ने मारकर लटकाया, TI और SP तीन दिनों से गुरुचरण को पीट रहे थे, इसलिए उसने फांसी लगा ली। ASP शैलेंद्र पांडेय ने इन आरोपों को खारिज किया है।








जिला अस्पताल में पुलिस फोर्स तैनात
फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम जिला अस्पताल में मौजूद है। युवक के शव के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हो गई है, यहां मजिस्ट्रेट भी मौजूद हैं। ऐहतियात के तौर पर जिला अस्पताल में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं घटना पर पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव ने कहा कि पुलिस हिरासत में युवक की मौत की तत्काल निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की होनी चाहिए।

जानिए क्या है पूरा मामला




बलरामपुर थाने में गुरूवार को पूछताछ के लिए बुलाए गए स्वास्थ्य विभाग के प्यून गुरूचरण मंडल (30) ने लॉकअप के बाथरूम में फांसी लगा ली। थाने में गुरूचरण मंडल की मौत की सूचना लोगों को शाम को मिली तो हंगामा मच गया। लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा करते हुए थाने और पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया।
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। वहीं घटना के बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए देर रात थाना प्रभारी प्रमोद रूसिया और कॉन्स्टेबल अजय यादव को निलंबित कर दिया गया है।





