छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री में दुर्ग जिले के सरकारी अस्पतालों का किया दौरा हटाए जाएंगे धनवंतरी मेडिकल स्टोर:स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल बोले-उनकी जगह प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे,
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकारी धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर अस्पताल परिसर से हटाए जाएंगे। उनकी जगह प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे। वहां लोगों को कम से कम दाम में जेनरिक दवाएं मिलेंगी। वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिर से महतारी वंदन योजना के फार्म भरे जाएंगे।
इसके अलावा सुपेला अस्पताल निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने वहां संचालित धनवंतरी मेडिकल स्टोर को हॉस्पिटल कैंपस से हटाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि उन्होंने कांग्रेस शासन काल में खोले गए सभी 195 धनवंतरी मेडिकल स्टोर को बंद करने की बात को गलत बताया है।







कांग्रेस सरकार में वेंटिलेटर में थे अस्पताल
दरअसल, गुरुवार को मंत्री श्याम बिहारी दुर्ग दौरे पर पहुंचे थे। । मंत्री ने मिडिया से कहा कि कांग्रेस शासन काल में स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह से बदहाल हो गई थी। अस्पताल वेंटिलेटर पर पहुंच गए थे।
उन्होंने कहा कि 8 महीने के कार्यकाल में उनका एक दिन भी ऐसा नहीं गया, जब उन्होंने स्वास्थ्य सुविधा को बढ़ाने पर काम ना किया हो। उनकी मेहनत ने अस्पतालों को वेंटिलेटर से बाहर निकाल लिया है। जल्द ही स्वास्थ्य सविधाएं तेजी से दौड़ती दिखेंगी।





मरीज रेफर करने का कारण बताना होगा डॉक्टर को
इस दौरान मंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पताल रेफर सेंटर बन कर रहे गए हैं। इसे रोकने के लिए उन्होंने एक नया नियम लागू किया है। अब सरकारी अस्पताल से मरीज को रेफर करने से पहले संबंधित डॉक्टर को यह रिपोर्ट देनी होगी कि वह मरीज को किस बीमारी के चलते और क्यों रेफर कर रहा है।
गलत रेफर करते पाए जाने पर होगी कार्रवाई
मंत्री ने बताया कि राज्य में बैठी टीम सभी रेफर रिपोर्ट की मॉनिटरिंग करेगी। देखा जाएगा कि अस्पताल में किन बीमारियों के इलाज की सुविधा नहीं है। किन सुविधाओं के बाद भी मरीजों को वहां से रेफर किया जा रहा है। डॉक्टर गलत रेफर करते पाए जाएंगे, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जो डॉक्टर सरकारी अस्पताल में सेवा देने के बाद भी प्राइवेट प्रैक्टिस कर रहे हैं, उस पर भी रोक लगाने के लिए नए नियम लागू किए जाएंगे। इसके लिए उनकी टीम काम कर रही है।
सुपेला अस्पताल से हटाया जाएगा OST सेंटर
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गुरुवार रात 8 बजे अचानक लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल का दौरा करने के साथ ही मरीजों से बात की। भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज भोजू ने अस्पताल के अंदर खुले OST सेंटर (ओरल सब्सटीट्यूशन थेरेपी) को सुरक्षा पर खतरा बताया।
जन औषधि केंद्र चमचमाता हुआ दिखना चाहिए
स्वास्थ्य मंत्री ने दुर्ग CMHO को निर्देश दिया को OST सेंटर को सुपेला अस्पताल से हटाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने उन्हें अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने की बात कही। उन्होंने अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. पीयम सिंह को कहा कि अगली बार उन्हें अस्पताल के बाहर जन औषधि केंद्र चमचमाता हुआ दिखना चाहिए।
CCM मेडिकल कॉलेज का होगा कायाकल्प
स्वास्थ्य मंत्री इसके बाद चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज कचादुंर दौरा करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का कैंपस और बिल्डिंग बेहतर है, लेकिन वहां ना तो सुविधाएं है ना मरीज हैं। ऐसे में वहां मेडिकल स्टूडेंट कैसे पढ़ाई करते होंगे।
8 करोड़ की लागत से सिटी स्कैन मशीन लगेगी
उन्होंने ADM बजरंग दुबे को निर्देश दिया कि वो अस्पताल तक पहुंच मार्ग का बजट बनाएं। इसके साथ ही वहां हेजार्ट लाइट लगाएं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े मेडिकल कॉलेज में अपनी खुद की सिटी स्केन मशीन नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जल्द ही यहां 8 करोड़ की लागत से सिटी स्कैन मशीन लगेगी। इसके लिए वो खुद के मद और DMF फंड से राशि देंगे।
उन्होंने कहा कि सीएम मेडिकल कॉलेज के लिए 50 के करीब मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर की नियुक्ति कर दी गई है। राज्य सरकार ने उस हॉस्पिटल को ले लिया है तो उसका अच्छे से संचालन भी करेगी। जल्द ही वहां CGMHC की टीम आएगी और देखेगी की वहां किन चिकित्सी सुविधाओं की बढ़ोतरी करनी है और कैसे करनी है।
स्वास्थ्य मंत्री बुलाते रहे और नहीं आए MS
दौरे के दौरान सीएम मेडिकल कॉलेज में केवल एक दो डॉक्टर ही अस्पताल में मिले। उन्होंने डॉक्टर से कहा कि एमएस को बुलाओ। मंत्री के कई बार पूछने के बाद भी एमएस वहां नहीं पहुंचे। इसके बाद मंत्री खुद यह बोलकर निकल गए की जल्द ही वो यहां का दौरा करेंगे, तब उससे मिलेंगे।
कांग्रेस को बताया मुद्दा विहीन
सीमेंट के दाम में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस जो धरना प्रदर्शन कर रही है, उसे स्वास्थ्य मंत्री पूरी तरह से गलत बताया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुद्दा विहीन पार्टी हो गई है। इसलिए अब वो केवल अनर्गल आरोप लगा रही है।
उन्होंने कहा कि सीमेंट के दाम कहीं से नहीं बढ़े हैं। सीमेंट के दाम जो थोड़ा बढ़े हैं वो बिजली की दर और अन्य लागत में बढ़ोतरी के चलते बढ़े हैं। भाजपा ने हर तरह से दाम को कंट्रोल करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन काल के समय 200 की सीमेंट 350 में बिक रही थी, उस तरह के हालात अब नहीं हैं।
साथ ही उन्होंने दावा किया कि राज्य में सभी शराब के दाम में कुछ ना कुछ कमी हुई है। दाम बढ़ने की बात को उन्होंने गलत बताया। उन्होंने कहा कि सितंबर महीने से हर शराब के दाम में कमी हुई है। उसके साथ ही शासन को जाने वाले रेवेन्यू की वृद्धि हुई है।
जल्द भरे जाएंगे महतारी वंदन योजना के फार्म
महतारी वंदन योजना पर पूछे सवाल में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों को राज्य सरकार महतारी वंदन योजना का लाभ दे रही है। करीब 5-10 हजार महिलाएं और बची होंगी। जब सरकार 70 लाख लोगों को लाभ दे सकती है तो 10 हजार लोगों को क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसका पोर्टल खोल दिया जाएगा ताकि, छूटी हुई महिलाएं अपना फॉर्म भर सकें।





