भिलाई BJYM का रुंगटा कॉलेज में प्रदर्शन:कहा- छात्रों से की जा रही अवैध वसूली, प्रबंधन बोला- जांच के बाद कार्यवाही होगी
By Dinesh chourasiya

भिलाई में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने बुधवार को रुंगटा आर-2 के कैंपस का घेराव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों से लेट फीस और अधिक फीस की वसूली की जा रही है। नहीं देने पर परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाता है।
BJYM के प्रांत प्रशिक्षण सह प्रमुख नितेश मिश्रा बड़ी संख्या में अपने साथियों के साथ रुंगटा के प्रशासनिक भवन में पहुंचे। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए जामुल और छावनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह संजय रुंगटा और उनके बेटे से मिलने पर अड़े रहे।







संजय रुंगटा के केबिन में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी घुस गए
संजय रुंगटा ने आंख में समस्या होने के चलते तीन लोगों को अपने चैंबर में बात रखने के लिए बुलाया, लेकिन भाजयुमो नेताओं ने मना कर दिया। वह थोड़ी थोड़ी देर में चेयरमैन कक्ष की तरफ बढ़ते गए। पुलिस के रोकने के बावजूद संजय रुंगटा के केबिन में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी घुस गए। संजय रुंगटा ने उन लोगों की पूरी बात सुनी।
संजय रुंगटा को ज्ञापन सौंपा गया




नितेश मिश्रा ने अपनी मांगों के लेकर संजय रुंगटा को एक ज्ञापन सौंपा। संजय रुंगटा ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनके जितने भी आरोप हैं वो उसकी जांच करवाएंगे। साथ ही जो मांगें हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र का साल खराब नहीं होने देंगे। इसमें किसी टीचर की गलती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

ये आरोप लगाए गए
भाजयुमो नेता नितेश मिश्रा ने आरोप लगाया कि रुंगटा कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रों से नान अटेंडेंस के नाम पर जबरदस्ती अधिक शुल्क वसूला जा रहा है। छात्रों से एडवांस सेमेस्टर की फीस वसूल की जा रही है। भारतीय जनता युवा मोर्चा इसका विरोध करता है।
उन्होंने उस छात्र को भी संजय रुंगटा के समक्ष लाया, जिसने इस तरह का आरोप लगाया। साथ ही कई छात्रों की वाइस रिकॉर्डिंग भी सुनाई कि किस तरह से अध्यापक उन्हें फीस के नाम पर परेशान करते हैं।
दीवारों और फर्श को कर दिया काला
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने काले रंग का पेंट लेकर कॉलेज की दीवारों और फर्श में काले अक्षरों से नारेबाजी लिखी। कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान ऐसा होता रहता है, वह इसे फिर से पेंट करवा देंगे।




