Uncategorized

उत्तराखंड के केदारनाथ में भारी बारिश के चलते 2 हजार श्रद्धालु फंसे:रेस्क्यू के लिए सेना के चिनूक और MI-17 हेलिकॉप्टर लगाए गए; राज्य में 16 की मौत

By Dinesh chourasiya

उत्तराखंड में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के बाद केदारनाथ यात्रा दो दिन के लिए रोक दी गई है। राज्य में 48 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट है। इसके चलते NDRF की 12 और SDRF की 60 टीमें तैनात की गई हैं।

बारिश के कारण हरिद्वार, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और नैनीताल में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि केदारनाथ में बादल फटने से पैदल रूट पर लिनचोली और भीमबली के पास 2000 से ज्यादा लोग फंसे हैं। इन्हें निकालने के लिए 5 हेलिकॉप्टर लगाए गए हैं।

केदारनाथ रूट में फंसे यात्रियों को बचाने के लिए SDRF तैनात की गई है। मुनकटिया से 450 लोगों को सुरक्षित सोनप्रयाग पहुंचाया गया। बाकी लोगों का रेस्क्यू चिनूक और MI-17 हेलिकॉप्टर से हो रहा है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार (2 अगस्त) को 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के 11 जिलों में भी आज भारी बारिश का अलर्ट है, जो अगले 4 दिन तक रहेगा।

उत्तराखंड में वायुसेना के रेस्क्यू ऑपरेशन की 2 तस्वीरें…

वायुसेना के हेलिकॉप्टर गौचर में तैनात हैं, जो NDRF टीमों और राहत सामग्री को लेकर पहुंचे हैं।

उत्तराखंड: राहत और बचाव में लगीं 72 टीमें
रुद्रप्रयाग के आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके राजवार के मुताबिक गौरीकुंड से शुरू होने वाला 16 किलोमीटर लंबा केदारनाथ ट्रैक घोड़ा पड़ाव, लिनचोली, बड़ी लिनचोली और भीमबली में क्षतिग्रस्त हो गया है। रामबाड़ा के पास दो पुल भी कल रात बह गए। राज्य सरकार ने केदारनाथ में फंसे लोगों को निकालने के लिए वायुसेना की मदद ली है। NDRF, INS की 12 टीमें और SDRF की 60 टीमें बचाव में लगी हुई हैं।

जिला प्रशासन ने दो हेल्पलाइन नंबर – 7579257572 और 01364-233387 और एक आपातकालीन नंबर 112 भी जारी किया है।

हिमाचल में एक दिन में 5 जगह बादल फटे, 48 लोग लापता, मलबे में मिल रहे शव
1 अगस्त को हिमाचल प्रदेश में 5 जगह बादल फटने से 53 लोग लापता हो गए। इनमें से 5 के शव बरामद कर दिए गए, जबकि 48 लोग अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश में NDRF, SDRF, पुलिस और होम गार्ड जवान सर्च ऑपरेशन चलाए हुए हैं। शिमला के समेज में रेस्क्यू दल को अब तक कामयाबी नहीं मिल पाई। यहां लापता 36 लोगों में से एक का भी अब तक सुराग नहीं लग पाया। एक व्यक्ति के शरीर के कुछ अंग जरूर मिले हैं।

मंडी की चौहारघाटी के राजबन गांव में भी 3 परिवार के 7 लोग अभी भी लापता हैं। 3 शव बरामद कर लिए गए हैं। कुल्लू के बागीपुल में भी एक ही परिवार के 5 सदस्य सहित 7 लोग लापता थे। इनमें महिला समेत 2 के शव मिल चुके हैं, जबकि 5 अभी भी लापता हैं।

Related Articles

Back to top button