Uncategorized

केजरीवाल की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई आज:CBI ने शराब नीति में भ्रष्टाचार मामले को लेकर 26 जून को गिरफ्तार किया था

By Dinesh chourasiya

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। केजरीवाल पर शराब नीति में भ्रष्टाचार के मामले को लेकर 26 जून को गिरफ्तार किया गया था।

वे फिलहाल 12 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए हैं। दिल्ली CM शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पहले से ही तिहाड़ जेल में बंद हैं।

केजरीवाल ने अपनी जमानत के लिए याचिका 3 जुलाई को लगाई थी। उनके वकील रजत भारद्वाज ने हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस मनमोहन और जस्टिस तुषार राव गेदेला से जल्द सुनवाई करने की मांग की थी।

रजत भारद्वाज ने कहा था कि केजरीवाल को बिना सही न्यायिक प्रक्रिया का पालन किए हिरासत में ले लिया गया था। उन्होंने कहा था कि 4 जुलाई को ही इस पर सुनवाई होनी चाहिए।

इस पर जस्टिस मनमोहन ने कहा था कि संबंधित जज को दस्तावेज पढ़ने का समय मिलना चाहिए। हम इस पर 2 दिन बाद यानी 5 जुलाई को सुनवाई करेंगे।

गिरफ्तारी-हिरासत को भी हाईकोर्ट में चुनौती
केजरीवाल ने CBI केस में अपनी गिरफ्तारी और 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के फैसले को भी हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इस मामले में जस्टिस नीना बंसल ने 2 जुलाई को सुनवाई की और CBI को नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब दाखिल करने को कहा। मामले की अगली सुनवाई 17 जुलाई को होगी।

केजरीवाल के खिलाफ ED-CBI के अलग-अलग मामले
केजरीवाल पर दो मामले दर्ज हैं। पहला ED का, जिसमें उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया है। ED ने केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। दूसरा CBI का, जिसे शराब नीति में भ्रष्टाचार को लेकर दर्ज किया गया। इस केस में 26 जून को केजरीवाल को दोबारा गिरफ्तार किया गया।

यह केस दिल्ली LG वीके सक्सेना की शिकायत पर दर्ज हुआ था। दोनों मामले अलग-अलग दर्ज किए गए हैं, इसलिए इनमें गिरफ्तारी भी अलग-अलग हुई है।

Related Articles

Back to top button