Uncategorized

छत्तीसगढ़ में 13-15 जून तक पहुंचेगा मानसून:आज रायपुर और बस्तर संभाग के कुछ जिलों में बूंदाबांदी के आसार; 2 डिग्री बढ़ सकता है तापमान

By Dinesh chourasiya

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून अंडमान-निकोबार पहुंच गया है। 31 मई तक यह केरल पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में मानसून के 13 से 15 जून के करीब पहुंचने की संभावना है।

पिछले साल भी मानसून ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 मई को ही दस्तक दी थी, लेकिन केरल में 9 दिन देरी से 8 जून को पहुंचा था। इस साल मानसून सामान्य तारीख से पहले ही केरल में दस्तक दे सकता है। वैसे केरल में मानसून आने की सामान्य तारीख 1 जून है।

आज रायपुर संभाग के दो जिलों और बस्तर संभाग के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में मानसून के 13 से 15 जून के करीब पहुंचने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बिना जरूरी काम के धूप में ना निकलें।

 

अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना

मध्य छत्तीसगढ़ के ज्यादातर स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है। प्रदेश में समुद्र से नम हवा आ रही है। वहीं, मरुस्थल की तरफ से भी शुष्क हवा का आना हो रहा है। इस वजह से कुछ इलाकों में बारिश, तो कहीं-कहीं पर हल्की गर्मी महसूस होने लगी है

रायपुर और बस्तर संभाग के इन जिलों में आज बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर जिले के गरियाबंद और धमतरी में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होगी। वहीं, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर जिले में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। सोमवार को कवर्धा में 23.8 मिलीमीटर, बस्तर में 17.2 मिलीमीटर, जशपुर (मनोरा ) में 15.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर, बिलासपुर, पेंड्रारोड और अंबिकापुर में दिन का तापमान 41 से 42 डिग्री के बीच रहा। तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने के कारण यहां गर्मी महसूस हुई। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.2 रायगढ़ में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम पारा नारायणपुर में 20.3 डिग्री दर्ज किया गया ।

रायपुर में 41 डिग्रा पहुंचा पारा

रायपुर में सोमवार को मौसम साफ रहा। अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया। आज रायपुर का टेंपरेचर 42 से 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

बस्तर संभाग में 23 तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक बस्तर संभाग के जिलों में 23 मई तक हल्की बारिश के आसार हैं। सोमवार को जगदलपुर में 35.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

शहरों में ऐसा रहा तापमान

शहर अधिकतम तापमान सामान्य से अंतर
रायपुर 41.3 ℃ -0.8 डिग्री
रायपुर (माना) 41 ℃ -1.2 डिग्री
बिलासपुर 40.8℃ +1.1डिग्री
अंबिकापुर 40.8 ℃ -0.7 डिग्री
जगदलपुर 35.7 ℃ -0.5 डिग्री

Related Articles

Back to top button