भिलाई में ससुराल में मारपीट के बाद युवक की मौत : वीडियो रिकार्डिंग के बीच हुआ पोस्ट मार्टम, खुर्सीपार पुलिस जांच में जुटी
By Dinesh chourasiya

भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में एक युवक की ससुराल वालों ने जमकर पिटाई कर दी। शराब के नशे में वो ससुराल से घर आकर सो गया और सुबह जब उठा तो वाशरूम में बेहोश होकर गिर गया। परिजनों ने उसे सेक्टर 9 हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बद से परिजन मामले में हत्या का आरोप लगा रहे हैं। खुर्सीपार पुलिस मामले की जांच कर रही है।







मृतक के भाई हरजीत सिंह ने बताया कि खुर्सीपार निवासी दलजीत सिंह पेशे से ड्राइवर है। वो 13 मई 2024 की रात गाड़ी चलाकर घर लौटा था। इसके बाद वो अपने 16 वर्षीय बेटे से मिलने के लिए अपने ससुराल चला गया। शराब के नशे में वहां उसका पत्नी से झगड़ा हुआ। इस पर उसकी पत्नी और चाचा ससुर ने मिलकर उसे ईंट पत्थर से बुरी तरह मारा।
रात में दलजीत ने हरजीत को फोन करके मारपीट की सूचना दी। हरजीत ने उन्हें कहा कि वो घर जाएं सुबह आकर वो देखता है। इसके बाद दलजीत रात में अपने घर आया और सो गया। सुबह जब वो वेशाब करने के लिए उठा तो बाथरूम में ही बेहोश होकर गिर गया। परिजनों ने उसे उठाया और सेक्टर 9 अस्पताल पहुंचाया। यहां आईसीयू में रखकर उसका इलाज किया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।




इसके बाद शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। बुधवार को उसका पोस्टमार्टम हुआ और उसके बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। परिजनों ने मीडिया के सामने आकर शासन प्रशासन से मांग की है कि दलजीत अपने बूढ़े मां बाप का एकलौता सहारा था। इसलिए उसे न्याय मिलना चाहिए। पुलिस प्रशासन मामले की जांच करे और आरोपियों को जेल भेजे।
कई सालों से पत्नी रह रही थी मायके में
दलजीत सिंह का एक 16 साल का बेटा है। उसका उसकी पत्नी से विवाद होने के चलते पत्नी कई सालों से उसे छोड़कर अपने मायके में रह रही है। बेटा भी मां के साथ है। दलजीत को जब भी बेटे की याद आती थी तो वो उससे मिलने के लिए ससुराल जाता था। उसकी मौत के बाद उसके जनाजे तक में उसकी पत्नी और ससुराल वाले नहीं आए। दलजीत का बेटा पूरा समय मरचुरी में अपने पिता के पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद रहा।
वीडियो रिकार्डिंग के साथ पीएम करने की मांग
दलजीत के ससुराल वालों ने कहा कि उन्हें फसाने का प्रयास किया जा रहा है, उनके द्वारा दलजीत से कोई मारपीट नहीं की गई। इस पर दलजीत के परिवार वालों ने मांग की कि पुलिस वीडियो ग्राफी के साथ पोस्टमार्टम करवाए। उनका कहना है अगर दलजीत के साथ मारपीट नहीं हुई तो उसके शरीर पर चोट के निशान कैसे आए।




