
लोकसभा चुनाव-2024:कांग्रेस ने अशोक गहलोत और भूपेश बघेल को रायबरेली-अमेठी का सीनियर ऑब्जर्वर बनाया; बेंगलुरु में जेपी नड्डा पर FIR
By Dinesh chourasiya
कांग्रेस ने रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीट के लिए सीनियर ऑब्जर्वर की नियुक्ति की है। इसके लिए राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल को चुना गया है।
गांधी परिवार की परंपरागत सीट रायबरेली से इस बार राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, अमेठी से पार्टी ने किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया है। सीनियर ऑब्जर्वर बनाए गए भूपेश बघेल भी छत्तीसगढ़ राज्य की राजनांदगांव लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।







सोशल मीडिया पोस्ट पर नड्डा, अमित मालवीय और विजयेंद्र के खिलाफ FIR दर्ज
भाजपा के नेशनल प्रेसिडेंट जेपी नड्डा, IT सेल के हेड अमित मालवीय और कर्नाटक बीजेपी के प्रेसिडेंट बी वाई विजयेंद्र के खिलाफ कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) ने FIR दर्ज कराई है। सभी पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विशेष उम्मीदवार को वोट नहीं देने के लिए SC और ST वोटर्स को भड़काने का आरोप है।
KPCC ने इस मामले में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, सभी पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं और IPC की धारा 505 (2) (वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा या दुर्भावना पैदा करने या बढ़ावा देने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
X पर शेयर किए गए वीडियो में क्या था?
भाजपा नेताओं के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सीएम सिद्धारमैया के एनिमेटेड कैरेक्टर दिखाए गए हैं। क्लिप में SC, ST और OBC समुदाय को घोंसले में रखे अंडे के जैसा दिखाया गया है। राहुल गांधी को मुस्लिम समुदाय के बड़े अंडे के लेबल वाला दिखाया है, जो घोंसले से अन्य समुदायों को बाहर निकाल देता है।








