Uncategorized

रायपुर में बनेंगे 2 नए सिटी बस डिपो:केंद्र से मिलेगी 100 ई-बसें, चार्जिंग पॉइंट बनाने की भी तैयारी; जगह तय

By Dinesh chourasiya

राजधानी रायपुर की जनता को 2 नए बस डिपो मिलने वाले हैं। इससे रायपुर शहर के अंदर ट्रांसपोर्ट सुविधा और आसान होगी। केंद्र सरकार की ओर से 100 नई बसें भी मिलने वाली हैं जो पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसें होंगी। इन बसों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग पॉइंट भी बनाने की तैयारी है।

निगम ने इन बसों के लिए पंडरी और आमानाका में सिटी बस डिपो बनाने का फैसला लिया है। यह दोनों जगह सिटी बसों के लिए सेंटर पॉइंट की तरह काम करेंगी और यहां से पूरे शहरभर में नई सिटी बसें जल्द दौड़ती दिख सकती हैं।

मठपारा के ISBT में भी है खाली जमीन

100 नई बसें मिलने और 2 नए सिटी बस डिपो बनने से लोग आसानी से अलग-अलग जगहों के लिए बस पकड़ सकेंगे। बाहर से आने वाले लोगों को भी रायपुर शहर में एक जगह से दूसरे जगह जाने में आसानी होगी। ये सभी बसें केंद्र सरकार की ओर से रायपुर सिटी को मिल रही हैं।

निगम अफसरों ने बताया कि इन 2 सिटी बस डिपो के अलावा मठपारा स्थित आईएसबीटी में भी करीब एक एकड़ जमीन खाली है। जिसमें सिटी बसों के लिए बाकी बसों से अलग स्टैंड बनाया जाएगा। इसमें चार्जिंग पॉइंट भी बनाए जाएंगे। इन जगहों पर पुरानी बसों को भी खड़ा किया जाएगा।

निगम आयुक्त ने लिया जायजा

नए डिपो बनाने की तैयारी रायपुर नगर निगम ने शुरू कर दी है। इसे लेकर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर कमिश्नर अविनाश मिश्रा ने आईएसबीटी का निरीक्षण किया। इसमें 1 एकड़ जगह को सिटी बस के स्टैंड के लिए फाइनल किया गया है। यहां पर दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को शहर के भीतर किसी भी स्थान में जाने के लिए आसानी से सिटी बसें मिल जाएगी।

नए बस डिपो को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा।

सर्वसुविधायुक्त होगा नया डिपो

बताया जा रहा है कि इस नए बस डिपो को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा। जिसमें बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वेटिंग एरिया और अन्य व्यवस्थाएं होंगी।

Related Articles

Back to top button